इंदौर में आयोजित 'अल्फा स्टार स्पेलिंग बी नेशनल ग्रैंड फिनाले' में जयपुर के नन्हे मेधावियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय पटल पर शहर का मान बढ़ाया है। विजय नगर स्थित सेंट अर्नोल्ड्स हायर सेकेंडरी स्कूल में संपन्न हुई इस प्रतिष्ठित ऑफलाइन प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच जयपुर के विद्यार्थियों ने अंग्रेजी शब्दावली, उच्चारण कौशल और वर्तनी ज्ञान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शीर्ष स्थान अर्जित किए हैं।

इस कड़े मुकाबले में सेंट एन्सेल्म्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 4 की छात्रा गूंज खंडेलवाल ने द्वितीय, कक्षा 4 के छात्र शेखर प्रतीक पांडेय ने चतुर्थ और कक्षा 6 की छात्रा नयोनिका चौधरी ने पंचम स्थान प्राप्त किया। वहीं, सोफिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 8 की छात्रा आइना अली खान ने भी राष्ट्रीय स्तर पर पंचम रैंक हासिल कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। आयोजकों ने कक्षावार शीर्ष पांच विजेताओं को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया, जबकि अन्य सभी प्रतिभागियों को उनकी सहभागिता के लिए राष्ट्रीय रैंक प्रमाण-पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। भाषा दक्षता और प्रभावी संप्रेषण क्षमता को विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में जयपुर के छात्रों की यह उपलब्धि न केवल उनके विद्यालयों के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि पूरे शहर के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। इस शानदार सफलता पर अभिभावकों और शिक्षाविदों ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की है।

Next Story