जयपुर, 10 जून। राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा का बुधवार को सफल समापन हुआ। गुजरात स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर राजस्थान के 1008 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्री विशेष ट्रेन के माध्यम से सकुशल जयपुर लौटे। यात्रा के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान सोमनाथ, द्वारकाधीश और नागेश्वर महादेव के जयकारों के साथ राज्य सरकार और संबंधित विभागों द्वारा की गई व्यवस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह विशेष तीर्थ यात्रा 5 जून से प्रारंभ होकर 10 जून को सम्पन्न हुई। यात्रा प्रभारी अधिकारी आशुतोष गुप्ता के अनुसार, राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की ओर से संचालित इस यात्रा में वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ सुरक्षित, व्यवस्थित और सम्मानजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि गुजरात सरकार ने भी यात्रा के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया तथा वेरावल पहुंचने पर तीर्थ यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया।

राजस्थान सरकार द्वारा संचालित इस यात्रा को श्रद्धालुओं ने ‘श्रवण कुमार’ की भावना से जुड़ा प्रयास बताया और इसे अपने जीवन के महत्वपूर्ण आध्यात्मिक अनुभवों में शामिल किया। सह प्रभारी अधिकारी श्रवण कुमार लक्षकार ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों ने राज्य सरकार के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस यात्रा के माध्यम से द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से दो ज्योतिर्लिंगों के दर्शन तथा सप्त पुरियों में शामिल द्वारका पुरी और जगद्गुरु शंकराचार्य की चार पीठों में से एक शारदा पीठ से जुड़ने का अवसर मिला, जिसे उन्होंने जीवन के एक बड़े सपने के साकार होने जैसा अनुभव बताया।

यह यात्रा उस समय और अधिक विशेष बन गई जब श्री सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आरंभ किए गए ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत देशभर से तीर्थ यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार ने 1008 वरिष्ठ श्रद्धालुओं को इस आध्यात्मिक यात्रा से जोड़ा।

5 जून को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जयपुर से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से संवाद कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना भी की। कार्यक्रम में देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, सांसद मंजू शर्मा, शासन सचिव देवस्थान शुचि त्यागी सहित विभागीय एवं रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार श्रद्धालुओं को वेरावल पहुंचने के बाद एसी बसों के माध्यम से प्रभास पाटन ले जाया गया, जहां 6 जून को श्री सोमनाथ मंदिर में विशेष दर्शन और संध्या आरती में शामिल कराया गया। इसके साथ ही लाइट एंड साउंड शो का भी आयोजन किया गया। अगले दिन गोलकधाम, राम मंदिर, बाणगंगा, भालका तीर्थ, सोमनाथ स्वाभिमान पर्व गैलरी, हाट बाजार और सोमनाथ बीच का भ्रमण करवाया गया।

इसके बाद विशेष ट्रेन से यात्रियों को द्वारका पहुंचाया गया, जहां 8 जून को भगवान द्वारकाधीश तथा 9 जून को बेट द्वारका और नागेश्वर महादेव के दर्शन कराए गए। उसी दिन रात्रि में विशेष ट्रेन जयपुर के लिए रवाना हुई और बुधवार को यात्रा सम्पन्न हुई।

पूरी यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए एसी ट्रेन, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इस सफल आयोजन ने न केवल वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक आस्था को नई ऊर्जा दी, बल्कि राजस्थान सरकार की तीर्थाटन योजनाओं को भी सांस्कृतिक संवेदनशीलता और प्रशासनिक समन्वय का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बना दिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story