सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: राजस्थान के 41 जिलों में होगा भव्य आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ से करेंगे मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, जयपुर के झारखंड महादेव मंदिर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रहेंगे मौजूद।

भारतीय गौरव और आध्यात्मिक पुनर्जागरण के एक ऐतिहासिक मोड़ पर, सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली अवसर को चिन्हित करने हेतु आगामी 11 मई, 2026 (सोमवार) को देशव्यापी स्तर पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राजस्थान में भी इसे व्यापक स्वरूप दिया गया है, जहाँ कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग तथा देवस्थान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के सभी 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक उत्सव आयोजित किए जाएंगे। इस महापर्व का मुख्य राष्ट्रीय केंद्र गुजरात का सोमनाथ मंदिर होगा, जहाँ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में शिखर कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसका सीधा प्रसारण राजस्थान के सभी चयनित शिवालयों में ऑनलाइन किया जाएगा।
राज्य में इस उत्सव की कमान स्वयं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा संभालेंगे, जो जयपुर के सुप्रसिद्ध झारखंड महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस आयोजन की गंभीरता और भव्यता को देखते हुए कला एवं संस्कृति विभाग की शासन सचिव श्रीमती शुचि त्यागी ने स्पष्ट किया है कि सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के लिए ज़िला प्रशासन के समन्वय से युद्धस्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। कार्यक्रम के सुचारू और प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उप शासन सचिव श्रीमती अनुराधा गोगिया को सौंपी गई है, जिन्हें राज्य नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के माध्यम से इस आयोजन का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि जनभागीदारी को अधिकतम किया जा सके।
देवस्थान आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार, प्रदेश के सभी 41 जिलों में विशिष्ट मंदिरों का चयन कर वहाँ प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। 11 मई को श्रीगंगानगर के मंदिर श्री सदाशिवजी अनूपगढ़, हनुमानगढ़ के सनातन धर्म महावीर दल न्यास टाउन, चुरू के सदाशिव महादेव जी मंदिर, बीकानेर के शिखरबंद महादेव जी मंदिर, फलौदी के श्री लटियाल माताजी मंदिर, जैसलमेर के मुक्तेश्वर महादेव मंदिर, बाड़मेर के शिवशक्ति धाम, बालोतरा के ब्रहमधाम आसोतरा, जालोर के आपेश्वर महादेव मंदिर, सिरोही के दुलेश्वर महादेव मंदिर, उदयपुर के श्री महाकालेश्वर महादेव रानी रोड, सलूम्बर के श्री नर्बदेश्वर महादेव जी मंदिर, डूंगरपुर के श्री भूवनेश्वर महादेवजी मंदिर, बांसवाड़ा के श्री वनेश्वर एवं श्री मदारेश्वर महादेवजी मंदिर, प्रतापगढ़ के श्री दीपनाथ महादेव जी, चित्तौड़गढ़ के श्री मंगलेश्वर महादेव मातृकुण्डिया, भीलवाड़ा के श्री हरनी महादेव मंदिर ट्रस्ट, कोटा के श्री नीलकंठ महादेव रेतवाली, बारां के श्री अन्नतराम जी व्यारेरामजी, झालावाड़ के श्री राजराजेश्वर बारहद्वारी, सवाई माधोपुर के मंदिर श्री विजयेश्वर महादेव जी, करौली के मंदिर श्री प्रतापेश्वर महादेव जी, धौलपुर के मंदिर श्री महादेव जी बगीया, भरतपुर के मंदिर श्री श्मशानेश्वर काली की बगीची, डीग के मंदिर अगरदत्ता हनुमान महादेव जी, अलवर के मंदिर श्री महादेव जी त्रिपोलिया, खैरथल-तिजारा के श्री शीतलदास जी महाराज आश्रम रैणागिरी मुंडावर, कोटपूतली-बहरोड़ के श्री पंचखंडपीठ लोक मंगल मठ विराटनगर, जयपुर के श्री झारखंड जी महादेव, दौसा के श्री सोमनाथ जी महादेव, टोंक के श्री भूतेश्वर महादेव टोडारायसिंह, बूंदी के श्री राजरजेश्वर जी महादेव केशोरायपाटन, राजसमंद के श्री रामेश्वर महादेव, पाली के सोमनाथ महादेव, ब्यावर के श्री दूधालेश्वर महादेव मंदिर चेरिटेबल ट्रस्ट, मालातों की बेर टाडगढ़, अजमेर के कोटेश्वर महादेव विकास सेवा न्यास, नागौर के श्री जबरेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट खाटू मेड़ता रोड, डीडवाना-कुचामन के भगवान श्री जानकी वल्लभ नागौरियों का मंदिर ट्रस्ट, सीकर के श्री बुद्धगिरी की मढ़ी, झुंझुनू के श्री लावेरेश्वर महादेव तथा जोधपुर के पातालेश्वर महादेव मंदिर में विशेष अनुष्ठान संपन्न होंगे। यह आयोजन न केवल सोमनाथ की वीरता का स्मरण है, बल्कि राजस्थान की अटूट आस्था का भी प्रमाण है, जिसे लेकर आयुक्त ने प्रदेशवासियों से अपने निकटतम शिवालय में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक पर्व का साक्षी बनने की भावपूर्ण अपील की है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
