अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अजमेर मंडल के सोमेसर रेलवे स्टेशन का आधुनिक रूप शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को देश के सामने आया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सोमेसर स्टेशन के पुनर्विकसित स्वरूप का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया।

पाली जिले के सोमेसर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में देवस्थान, गौपालन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत, पाली सांसद श्री पीपी चौधरी, मारवाड़ जंक्शन विधायक श्री केसाराम चौधरी, पूर्व विधायक पाली श्री ज्ञानचंद पारख तथा मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने सोमेसर स्टेशन पर उद्घाटन पट्टिका का अनावरण किया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रेम रंजन ठाकुर तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री विकास बूरा सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने बताया कि सोमेसर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत परियोजना का कार्य ₹12.41 करोड़ की लागत से पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर 1453 वर्ग मीटर क्षेत्र में एक नए आकर्षक स्टेशन भवन का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही 242 वर्ग मीटर का नया द्वितीय प्रवेश द्वार भी विकसित किया गया है।

दोनों प्रवेश द्वारों पर 2660 वर्ग मीटर के सर्कुलेटिंग एरिया को शानदार लैंडस्केपिंग, अलग एंट्री-एग्जिट गेट और ड्रॉप-ऑफ/पिक-अप पोर्च के साथ तैयार किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए 380 वर्ग मीटर का उन्नत वेटिंग एरिया (प्रतीक्षालय) बनाया गया है।

स्टेशन के दोनों प्लेटफॉर्म पर 8950 वर्ग मीटर क्षेत्र में रीसरफेसिंग का कार्य किया गया है। यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए 765 वर्ग मीटर (अतिरिक्त 7 बे) का नया प्लेटफॉर्म शेल्टर बनाया गया है। स्टेशन परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 350 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल का निर्माण भी किया गया है।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए स्टेशन परिसर में 90 केडब्लूपी ग्रिड-कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट स्थापित किया गया है। यात्रियों को अनारक्षित टिकट आसानी से उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन के दोनों एंट्री गेट पर एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) स्थापित की गई हैं। वहीं, आरक्षित टिकट के लिए आवश्यकतानुसार टिकट काउंटर की व्यवस्था भी की गई है।

यात्रियों के आराम के लिए वेटिंग रूम और वीआईपी रूम में 3 एयर कंडीशनर लगाए गए हैं। बेहतर हवा के संचलन के लिए वेटिंग हॉल में 12-फीट का विशाल एचवीएलएस पंखा लगाया गया है। स्टेशन परिसर में 146 इनडोर एलईडी डाउन लाइट्स, फसाड लाइटिंग, सर्कुलेटिंग एरिया में 8 डेकोरेटिव एलईडी पोल और 4 हाई मास्ट टावर्स लगाए गए हैं।

यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए 57 साइनेज बोर्ड और द्विभाषी (हिंदी व अंग्रेजी) स्टेशन नाम बोर्ड लगाए गए हैं। आपातकालीन बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 62.5 KVA का डीजी सेट स्थापित किया गया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों प्लेटफॉर्मों पर कुल 50 कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर 25 और प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर 25 बोर्ड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 2 सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, 2 एट-ए-ग्लांस डिस्प्ले बोर्ड, 1 एलईडी डिस्प्ले और 1 बड़ी वीडियो वॉल स्थापित की गई है।

स्टेशन पर स्पष्ट सूचना प्रसारण के लिए 27 स्पीकर्स युक्त पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और सटीक समय के लिए 2 जीपीएस आधारित डिजिटल घड़ियां लगाई गई हैं। यात्रियों के लिए हाई-स्पीड वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

सोमेसर स्टेशन को पूरी तरह से दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है। दोनों प्लेटफॉर्मों पर टेकटाइल टाइल्स लगाई गई हैं। मौजूदा फुट ओवर ब्रिज पर आवागमन को आसान बनाने के लिए 2 आधुनिक पैसेंजर लिफ्ट लगाई गई हैं। इसके अलावा दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए पृथक शौचालयों का निर्माण किया गया है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार सोमेसर रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, आसान आवागमन और आधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएगा। यह स्टेशन स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले रेल यात्रियों के सफर को अधिक सुगम, सुरक्षित और आरामदायक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story