सवाई मान सिंह (एस.एम.एस.) अस्पताल परिसर स्थित चरक भवन में शनिवार को प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र का शुभारम्भ किया गया। केन्द्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री मुरलीधर मोहोल, प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक एवं केन्द्रीय सहकारिता सचिव श्री आशीष कुमार भूटानी ने संयुक्त रूप से केन्द्र का उद्घाटन किया। मरीजों की बढ़ती मांग तथा आमजन को किफायती दरों पर उच्च गुणवत्ता की दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कॉनफैड द्वारा अस्पताल परिसर में यह दूसरा स्टोर प्रारम्भ किया गया है।

इस अवसर पर सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने बताया कि चरक भवन स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र पर फिलहाल 600 से अधिक दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं और शीघ्र ही इनकी संख्या बढ़ाकर 1500 तक की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्टोर पर उपलब्ध दवाइयां एवं सर्जिकल आइटम्स बाजार में प्रचलित मूल्य की तुलना में 50 से 80 प्रतिशत तक कम दरों पर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में जन औषधि केन्द्र शुरू होने से मरीजों को दवाइयों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और जो दवाइयां अस्पताल से उपलब्ध नहीं हो पाएंगी, वे उन्हें किफायती दरों पर इसी स्टोर से मिल सकेंगी।

श्री दक ने कहा कि स्टोर पर समान साल्ट की दवाइयां किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि मरीजों पर पड़ने वाले आर्थिक भार को कम किया जा सके। उन्होंने बताया कि कई बार मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना के तहत अस्पताल में मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध नहीं हो पाती हैं, जिससे उन्हें बाहर से अधिक कीमत पर दवाइयां खरीदनी पड़ती हैं। ऐसे मरीजों को राहत देने के लिए सहकारिता के माध्यम से कॉनफैड ने अस्पताल परिसर में दूसरा प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र शुरू किया है, ताकि वे अस्पताल परिसर में ही उच्च गुणवत्ता की दवाइयां किफायती दरों पर खरीद सकें।

इस दौरान शासन सचिव, सहकारिता डॉ. समित शर्मा ने एस.एम.एस. मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी, आई डिपार्टमेंट के प्रमुख डॉ. पंकज शर्मा सहित अन्य अधिकारियों के साथ अस्पताल प्रशासन की बैठक भी की। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन और कॉनफैड प्रशासन के बीच दवाइयों की उपलब्धता में बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए बैठक में सहमति बनी कि प्रत्येक सप्ताह अस्पताल के स्टोर में अनुपलब्ध दवाइयों की सूची कॉनफैड प्रशासन के साथ साझा की जाएगी, ताकि उन दवाइयों की उपलब्धता प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र एवं अन्य कोऑपरेटिव फार्मेसी स्टोर्स पर सुनिश्चित की जा सके।

डॉ. समित शर्मा ने कहा कि चिकित्सकों को दवाइयां केवल जेनेरिक नाम से ही लिखनी चाहिए, जिससे मरीजों पर आर्थिक बोझ कम किया जा सके। उन्होंने बताया कि इस संबंध में राज्य सरकार वर्ष 2013 में ही आदेश जारी कर चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि एस.एम.एस. अस्पताल परिसर में संचालित कॉनफैड के फार्मेसी स्टोर्स के संचालन का समय बढ़ाकर 16-16 घंटे कर दिया गया है, जिससे मरीजों को दवाइयों की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अब मरीजों को सुबह 8 बजे से रात्रि 12 बजे तक दवाइयां उपलब्ध होंगी। साथ ही सभी कोऑपरेटिव फार्मेसी स्टोर्स पर दवाइयों की रेंज भी बढ़ाई जा रही है।

डॉ. समित शर्मा ने प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्रों पर उपलब्ध जेनेरिक दवाइयों की गुणवत्ता पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी दवाइयां एवं सर्जिकल आइटम्स गुणवत्ता संबंधी सभी निर्धारित मापदंडों को पूरा करने के बाद ही बाजार में उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इन दवाइयों का प्रभाव समान साल्ट की ब्रांडेड दवाइयों से किसी भी प्रकार कम नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेनेरिक दवाइयों का मूल्य कम होने का कारण इनकी ब्रांडिंग पर होने वाला खर्च तथा बाजार में विभिन्न सीएंडएफ, वितरकों और अन्य स्तरों पर दिए जाने वाले कमीशन का नहीं होना है।

उन्होंने जन औषधि केन्द्र पर उपलब्ध उत्पादों की कीमतों का भी उल्लेख करते हुए बताया कि जो एलएस बैल्ट बाजार में 800 रुपए में मिलती है, वही जन औषधि केन्द्र पर मात्र 380 रुपए में उपलब्ध है। इसी प्रकार वयस्कों के लिए उपयोग में आने वाले डायपर का 10 का पैक 650 रुपए के बजाय केवल 405 रुपए में उपलब्ध कराया जा रहा है। सर्वाइकल कॉलर सॉफ्ट का मूल्य मात्र 120 रुपए है। इसके अलावा रक्तचाप मापने की मशीन, ग्लुकोमीटर, थर्मामीटर सहित विभिन्न प्रकार के सर्जिकल आइटम्स एवं सुचर्स भी बाजार दर की तुलना में 50 से 80 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध हैं। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को अस्पताल परिसर में ही उच्च गुणवत्ता वाली दवाइयां और आवश्यक चिकित्सा सामग्री किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story