फागी क्षेत्र के सिरस्या गांव में नवनिर्मित श्री रघुनाथ भगवान मंदिर के प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर धार्मिक उत्साह चरम पर है। गुरुवार को सिरस्या स्थित श्री मंशापूर्ण हनुमान जी मंदिर में महोत्सव के पोस्टर और पेम्पलेट का विधिवत विमोचन महामंडलेश्वर श्री रामप्रिय दास जी गुरु जी के कर कमलों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में किया गया, जिसके साथ ही आयोजन के प्रचार-प्रसार की औपचारिक शुरुआत हो गई।

महामंडलेश्वर श्री रामप्रिय दास जी गुरु जी ने जानकारी दी कि सिरस्या में जीर्ण-शीर्ण हो चुके श्री रघुनाथ भगवान के मंदिर का पुनर्निर्माण ग्रामवासियों के सहयोग से कराया गया है। इसी नवनिर्मित मंदिर में पूर्व स्थापित श्री रघुनाथ भगवान की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न की जाएगी। उन्होंने बताया कि 7 मई से 9 मई तक चलने वाले इस तीन दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन पंडित भुवनेश्वर जी शर्मा द्वारा पूजा-अर्चन एवं जप यज्ञ आचार्यों के माध्यम से संपन्न कराया जाएगा।

धार्मिक कार्यक्रमों के तहत प्रत्येक दिन रात्रि 8:00 बजे से रामाचार्य पंडित हरिओम शर्मा वृंदावन मंडली द्वारा रासलीला का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। महोत्सव का शुभारंभ 7 मई को प्रातः 7:00 बजे कलश यात्रा के साथ होगा, इसी दिन मूर्तियों की प्रतिष्ठा की प्रमुख प्रक्रिया भी संपन्न की जाएगी।

ग्रामीणों ने बताया कि तीनों दिन विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रभर के श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान प्रहलाद सिंह, राम सिंह, भवानी सिंह, छोटू सिंह, लक्ष्मण सिंह, मोहन सिंह, हनुमान सिंह, सुरेंद्र सिंह, ओम सिंह, हरि सिंह, भोल सिंह, विक्रम सिंह, इंद्र सिंह, गंगा सिंह, बबू सिंह, टंवर सिंह, भीम सिंह सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। यह प्रतिष्ठा महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि ग्राम एकता और सहयोग की सशक्त मिसाल भी प्रस्तुत करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story