राजस्थान में आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत सिरोही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 696 ग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद किया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार कर मिनी ट्रक जब्त कर लिया है।

महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार पंचायत चुनावों को देखते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक सिरोही डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार और वृत्ताधिकारी आबूरोड जितेंद्र सिंह राठौड़ के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, आबूरोड रीको थाना पुलिस थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत के नेतृत्व में मावल पुलिस चौकी पर सघन गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। गुरुवार शाम गुजरात सीमा से सटी मावल चौकी पर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान राजस्थान नंबर के एक मिनी ट्रक को रुकवाया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने नियमानुसार ट्रक की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन में रखे एक बैग से भारी मात्रा में अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक के कब्जे से 20 किलो 696 ग्राम अफीम का दूध जब्त कर लिया और मिनी ट्रक को सीज कर दिया। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान महादेव प्रजापत (24) पुत्र देवानंद निवासी गांव धराड़, थाना बिलपान, जिला रतलाम (मध्य प्रदेश) के रूप में की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध अफीम मध्य प्रदेश के नीमच से लेकर आ रहा था और इसकी सप्लाई गुजरात के सिद्धपुर में करने जा रहा था।

मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े मुख्य सरगना की तलाश में जुटी है। नीमच से सिद्धपुर तक अफीम की खेप पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।

इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक भवानी सिंह, कांस्टेबल बाबू सिंह और दिलीप सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में कांस्टेबल ओमप्रकाश मालदेव तथा चालक कांस्टेबल अरुण सिंह भी शामिल थे। पंचायत चुनावों के मद्देनजर चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सिरोही पुलिस की इस कार्रवाई में एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अवैध अफीम बरामद होने के साथ अंतरराज्यीय तस्करी का मामला सामने आया है।

Next Story