सिक्किम राज्य महिला आयोग की टीम ने जयपुर में जानी कार्यप्रणाली
अध्यक्ष टेनी डोमा भूटिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने महिला पुलिस थाने और वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का अध्ययन किया।

जयपुर में शुक्रवार को राजस्थान राज्य महिला आयोग की कार्यप्रणाली समझने पहुँची सिक्किम राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष टेनी डोमा भूटिया और प्रतिनिधिमंडल के सदस्य।
जयपुर, 27 मार्च। सिक्किम राज्य महिला आयोग की माननीय अध्यक्ष टेनी डोमा भूटिया के नेतृत्व में आयोग का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को शैक्षणिक यात्रा पर गुलाबी नगरी जयपुर पहुँचा। इस महत्वपूर्ण यात्रा का मुख्य उद्देश्य राजस्थान राज्य महिला आयोग की कार्यप्रणाली को समझना और महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न संस्थानों का जमीनी अवलोकन करना रहा।
प्रतिनिधिमंडल का स्वागत एवं संगठनात्मक चर्चा
सिक्किम से आए इस उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में माननीय सदस्य सकुन राय, जुन्नू छेत्री, ताशी डोमा तमांग, सुनीता सुनवार, पामु शेरपा, रान माया तमांग, रूपा मंगर, नवमित लेप्चा, पारबती आचार्य, देविका बिस्ता तथा सदस्य सचिव योथा लेप्चा शामिल रहे। राजस्थान आगमन पर राजस्थान राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव श्रीमती दीप्ति जोशी ने आयोग के दल का आत्मीय स्वागत किया। इस आधिकारिक बैठक के दौरान रजिस्ट्रार सह विशेषाधिकारी श्री समरेन्द्र सिंह सिकरवार ने प्रतिनिधिमंडल को राजस्थान राज्य महिला आयोग की कार्यप्रणाली, संगठनात्मक संरचना एवं महिलाओं से संबंधित नवीनतम कानूनों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
क्षेत्रीय संस्थानों का निरीक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अध्ययन
अपनी इस शैक्षणिक यात्रा के क्रम में सिक्किम राज्य महिला आयोग के दल ने महिला पुलिस थाना, जयपुर शहर (पूर्व), महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र (पूर्व) तथा वन स्टॉप सेंटर (अपराजिता केन्द्र), जयपुरिया अस्पताल का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दल के सदस्यों ने महिला सुरक्षा, परामर्श सेवाओं एवं पीड़ित सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से अध्ययन कर जानकारी प्राप्त की। इस भ्रमण के दौरान दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों के बीच महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा के क्षेत्र में सर्वोत्तम प्रयासों और अनुभवों के आदान-प्रदान पर भी सकारात्मक चर्चा की गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
