सीकर पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईटेंशन बिजली लाइन से तार चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। डीएसटी सीकर और थाना सदर नीमकाथाना की संयुक्त कार्रवाई में गैंग के 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, एक पिकअप, एक कार और एक थार जीप बरामद कर जब्त की है। इसके अलावा चोरी से अर्जित राशि से खरीदे गए दो आईफोन भी बरामद किए गए हैं।

एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने थाना सदर नीमकाथाना और थाना डाबला क्षेत्र में पावरग्रीड वटामन ट्रांसमिशन लिमिटेड के 765 केवी डी/सी सीकर-II से नरेला टीएल प्रोजेक्ट के तहत बिछाई जा रही हाईटेंशन लाइन से करीब 103 किलोमीटर क्षेत्र में तार चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। चोरी किए गए तार की अनुमानित कीमत करीब 5 से 6 करोड़ रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा दर्जनों वारदात करना स्वीकार किया गया है। गैंग के कुछ अन्य आरोपी गिरफ्तारी के भय से फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश के निर्देशों की पालना में एसपी नूनावत के निर्देशन में कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमकाथाना लोकेश मीणा और वृत्ताधिकारी नीमकाथाना सुशील मान के पर्यवेक्षण में डीएसटी सहित अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों ने वारदात वाले स्थानों और वहां आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और आपराधिक आसूचना तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गैंग के सदस्यों की पहचान की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन बरामद किए।

9 अगस्त 2026 को परिवादी दीपांकर देवनाथ, असिस्टेंट मैनेजर स्किपर लिमिटेड, नीमकाथाना ने थाना सदर नीमकाथाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 11 जुलाई को कैरवाली गांव के पास, 12 जुलाई को बंधाला-भोपालपुर गांव के पास, 5 अगस्त को सेडुका बास गांव के पास तथा 6 अगस्त को मावण्डा खुर्द गांव से अज्ञात चोरों द्वारा कंडक्टर, तार और उससे जुड़े अन्य सामान चोरी किए गए थे।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ गैंग के मूवमेंट और वारदात से पहले की गई रैकी के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच आगे बढ़ने पर बंधाला-भोपालपुरा, मावण्डा खुर्द, सैफरागुवार, गांवली थाना डाबला और आसपास के इलाकों में सक्रिय गैंग का पता चला।

मामले में पुलिस ने धीरज बगड़िया (26), मोहित जाखड़ (20), लोकेश मेहरानिया (20), विजय कुमार मेहरानिया (20), सचिन कुमार सैनी (19), दीपक मीणा (23) निवासी नीमकाथाना, राहुल यादव (21) निवासी खैरथल तिजारा, हनुमान मीणा उर्फ अभी (19) निवासी बूंदी, जगदीश बावरिया (38), मोनू जाट निवासी मेहाड़ा (झुंझुनूं), हिमांशु नायक (19) निवासी बुहाना (झुंझुनूं) और सुनील गुर्जर (24) पुत्र निवासी डाबला (सीकर) को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों से पूछताछ में हाईटेंशन लाइन के तार चोरी की दर्जनों वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। चोरी के तारों को कहां और किसके माध्यम से खपाया जाता था, गैंग में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इससे जुड़े अन्य अपराधों के संबंध में अनुसंधान जारी है। फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

Next Story