राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने ईनामी अपराधियों और अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीकर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.490 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ झालावाड़ और मध्यप्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में सीआईडी-सीबी की स्पेशल टीम, लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस और सीकर डीएसटी टीम के संयुक्त सहयोग से की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश पुरी (30) पुत्र मानपुरी निवासी नया खेड़ा, थाना गंगधार, जिला झालावाड़ तथा भैरूसिंह (28) पुत्र पर सिंह राजपूत निवासी पिपलिया सादिकपुर, थाना पिपलौन, जिला आगर मालवा, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध शाखा बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस महानिरीक्षक के.बी. वंदना और उपमहानिरीक्षक पुलिस राशि डोगरा डूडी के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अदिति कांवट के सुपरविजन में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सीआईडी-सीबी की स्पेशल टीम को जयपुर रेंज एवं सीकर क्षेत्र में आसूचना संकलन और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रवाना किया गया था।

इसी दौरान टीम के हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि झालावाड़ की ओर से एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर लक्ष्मणगढ़, सीकर पहुंचने वाला है। टीम ने सूचना को विकसित किया और पुलिस अधीक्षक सीकर प्रवीण नायक नूनावत के समन्वय से लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस तथा सीकर डीएसटी टीम को मौके पर तैनात कर घेराबंदी की गई।

सूचना के आधार पर लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस और सीकर डीएसटी टीम के सहयोग से घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1.490 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। मामले में थाना लक्ष्मणगढ़ में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पूरी कार्रवाई में सीआईडी-सीबी के उपनिरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा और हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही, जबकि सहायक उपनिरीक्षक शंकर दयाल और कांस्टेबल नरेश कुमार ने तकनीकी भूमिका निभाई। हेड कांस्टेबल कुलदीप और बृजेश कुमार का भी सराहनीय योगदान रहा।

कार्रवाई में लक्ष्मणगढ़ थानाधिकारी महेन्द्र सिंह के साथ हेड कांस्टेबल बालुराम तथा कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार, अजय कुमार, राकेश कुमार और विकास कुमार शामिल रहे। वहीं, सीकर डीएसटी टीम से उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल विजयपाल, हरिश, अशोक, जयसिंह, कमलेश कुमार, रमेश कुमार और चालक सुरेन्द्र शामिल रहे। मामले में दर्ज प्रकरण के आधार पर आगे की जांच जारी है।

Next Story