राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए ई-प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के दौरान अभ्यर्थियों को आ रही किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या के त्वरित समाधान के लिए पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड ने हेल्पलाइन और संपर्क नंबर जारी किए हैं।

पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वे तत्काल जारी किए गए हेल्पलाइन और संपर्क माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए राजकॉम हेल्पलाइन नंबर 7340557555 और 9352323625 उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा विभाग के संपर्क नंबर 0141-2821595 तथा मोबाइल नंबर 9413800328 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। अभ्यर्थी अपनी समस्या के समाधान के लिए igrecraj@gmail.com ईमेल आईडी पर भी संपर्क कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि लिखित परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 03 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 05:00 बजे से आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा राज्य के सात रेंज मुख्यालयों जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और उदयपुर में संपन्न होगी।

अभ्यर्थी आधिकारिक वेब पोर्टल sso.rajasthan.gov.in पर अपनी एसएसओ आईडी से लॉग-इन कर ‘रिक्रूटमेंट पोर्टल’ के माध्यम से अपना ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड द्वारा जारी हेल्पलाइन और संपर्क व्यवस्था का उद्देश्य प्रवेश पत्र डाउनलोड से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story