जयपुर, 6 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में रविवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी, महान शिक्षाविद् एवं राष्ट्रीय एकता तथा अखंडता के प्रबल समर्थक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत दीप प्रज्ज्वलित कर डॉ. मुखर्जी के जीवन, व्यक्तित्व, राष्ट्रवादी चिंतन एवं राष्ट्रसेवा पर आधारित प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया गया।



इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका जीवन प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत है। मदन राठौड़ ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी आज डॉ. मुखर्जी के 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शक के समान हैं। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों को आत्मसात कर संगठन और राष्ट्र की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इस कार्यक्रम में भाजपा उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, आईटी प्रभारी अविनाश जोशी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. मुखर्जी को पुष्पांजलि अर्पित कर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Next Story