पर्यटन विभाग, देवस्थान विभाग तथा कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग से संबंधित वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 की बजट घोषणाओं की प्रगति को लेकर बुधवार को शासन सचिव श्रीमती शुचि त्यागी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की एजेंसीवार और बिंदुवार समीक्षा की गई।

शासन सचिव श्रीमती शुचि त्यागी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बजट घोषणाओं से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा में शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घोषणाओं के अनुरूप किए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और प्रत्येक कार्य का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान उन्होंने केंद्रीय प्रवर्तित प्रायोजित योजनाओं की प्रत्येक सोमवार को नियमित समीक्षा किए जाने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं पर एक से अधिक एजेंसियां कार्य कर रही हैं, उनमें आपसी समन्वय बनाए रखते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से कार्य संपादित किए जाएं।

श्रीमती त्यागी ने दोहराव वाली बजट घोषणाओं के मामलों का औचित्यपूर्ण परीक्षण कर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने सभी कार्यकारी एजेंसियों तथा देवस्थान, पर्यटन और कला साहित्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे चल रहे विकास कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण करें, ताकि कार्यों की वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता का प्रत्यक्ष आकलन किया जा सके।

बैठक में बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध प्रगति और विभागीय समन्वय को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सख्त निगरानी के संकेत मिले। शासन सचिव के निर्देशों के बाद अब संबंधित विभागों और एजेंसियों की जवाबदेही और अधिक बढ़ गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story