श्री राम मंदिर प्रन्यास एवं श्री सनातन धर्म सभा (रजि.) के तत्वावधान में आदर्श नगर स्थित श्री राम मंदिर में शुक्रवार को श्रीमद्भागवत कथा एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ हुआ। कथा के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भक्तिमय वातावरण में कथा का लाभ लिया।

सभा के महामंत्री अनिल खुराना ने बताया कि प्रसिद्ध भागवताचार्य जैनेन्द्र कटारा जी ने प्रथम दिन श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया। इस दौरान उन्होंने शुकदेव जन्म एवं हिरण्याक्ष वध के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और उन्होंने धार्मिक प्रसंगों का श्रवण किया।

अनिल खुराना ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 3 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक किया जाएगा। महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का आयोजन होगा। इसी क्रम में 31 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव भी श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झाँकियां सजाई जाएगी। रात्रि 12 बजे आरती के पश्चात् श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। श्री राम मंदिर में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम 3 सितंबर तक कथा और इसके बाद श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन के साथ आगे बढ़ेगा।

Next Story