श्री अमरापुर स्थान जयपुर में पवित्र कार्तिक माह के दौरान आयोजित प्रभात फेरी और हरिनाम संकीर्तन में हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। सुबह 6 बजे से शुरू हुई प्रभात फेरी में गुलाबी नगरी के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु और गोविंद के जयकारे लगाते हुए भक्ति का आनंद लिया। हरि बोल, हरि बोल, जय जय राधा रमण हरि बोल और राधे राधे गोविंद गोविंद राधे के मधुर संकीर्तन से श्री अमरापुर स्थान गूंज उठा। इस दौरान भक्तजन भजनों पर झूमते नजर आए।

प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालुओं ने सद्गुरु टेऊँराम के जयकारे लगाए। जय टेऊँराम, दर्शन दिखाना और प्यारा दर्शन दिया स्वामी टेऊँराम ने जैसे भक्ति भाव से भरे उद्घोषों के बीच श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन में सहभागिता की। धार्मिक आयोजन के अंतर्गत सतनाम साखी महामंत्र का 108 बार जाप, नित्य नियम प्रार्थना, कार्तिक महात्म्य की कथा, संत-महात्माओं के भजन और सत्संग सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

संतों ने बताया कि श्री अमरापुर स्थान पर चल रहा कार्तिक महोत्सव मंगलवार 24 नवंबर तक जारी रहेगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 6 से 7 बजे तक प्रभात फेरी और हरिनाम संकीर्तन होगा। सुबह 7 से 9 बजे तक प्रार्थना, सत्संग, कार्तिक कथा और श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ का वाचन किया जाएगा। इसके साथ ही आरती का आयोजन होगा। सायंकाल 4 से 6 बजे तक भजन, सत्संग और आरती सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

मंगलवार 24 नवंबर को कार्तिक महोत्सव का समापन विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के साथ किया जाएगा। इस दिन सुबह 6 से 11 बजे तक प्रभात फेरी और हरिनाम संकीर्तन होगा। इसके बाद संतों का सत्संग, गीता और प्रेम प्रकाश ग्रंथ का पाठ तथा कार्तिक कथा की पूर्णाहुति होगी। महोत्सव के समापन अवसर पर विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा।

वहीं, शनिवार 21 नवंबर को हरिप्रबोधनी देवउठनी एकादशी के अवसर पर श्री अमरापुर दरबार में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। इस अवसर पर सुबह और शाम हरिनाम संकीर्तन तथा गुरु महिमा का गुणगान किया जाएगा। श्री मंदिर और समाधि स्थल पर पुष्पों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। श्रद्धालुओं को एकादशी व्रत की प्रसादी भी वितरित की जाएगी।

देवउठनी एकादशी पर सुबह 6 से 7 बजे तक प्रभात फेरी और हरिनाम सद्गुरु टेऊँराम संकीर्तन का विशेष आयोजन होगा। इसमें पूज्य श्री गुरु महाराज जी भी शामिल होंगे, जिससे श्रद्धालुओं को उनके दर्शन और सानिध्य प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान नन्हे-नन्हे बच्चे भगवान के वेश धारण करके भी आएंगे।

श्री अमरापुर स्थान की ओर से आयोजित इन धार्मिक कार्यक्रमों में कार्तिक माह की भक्ति परंपरा, हरिनाम संकीर्तन, संत सत्संग और गुरु महिमा के गुणगान के साथ देवउठनी एकादशी और कार्तिक महोत्सव के समापन को विशेष रूप से मनाया जाएगा। शनिवार को पूज्य गुरुदेव के दर्शन, शनिवार का पावन दिवस और पवित्र एकादशी का संगम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।

Next Story