श्री अमरापुर स्थान जयपुर में कार्तिक महोत्सव का समापन आज, 15 दिन तक गूंजे हरिनाम संकीर्तन
जयपुर के श्री अमरापुर स्थान में 11 नवंबर से चल रहे 15 दिवसीय कार्तिक महोत्सव का 24 नवंबर को समापन होगा। प्रभात फेरी, हरिनाम संकीर्तन, सजीव झांकियों और धार्मिक अनुष्ठानों में 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

जयपुर। गुलाबी नगरी के लघु काशी क्षेत्र में स्थित आस्था और भक्ति के केंद्र श्री अमरापुर स्थान जयपुर में 15 दिवसीय कार्तिक महोत्सव का समापन मंगलवार, 24 नवंबर को होगा। 11 नवंबर को भाई दूज से शुरू हुए इस महोत्सव का समापन श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ, गीता जी और कार्तिक महात्म्य की कथा के भोग एवं परायण तथा विशाल आम भंडारे के साथ किया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे और श्रद्धालु संकीर्तन के साथ महोत्सव को विदाई देंगे।
महोत्सव के तहत सोमवार को आयोजित अंतिम कार्तिक प्रभात फेरी में 'हर हर महादेव, शंभू काशी विश्वनाथ गंगे' के संकीर्तन से श्री अमरापुर दरबार गूंज उठा। प्रतिदिन आयोजित होने वाली प्रभात फेरी का समय सुबह 6 से 7 बजे तक रहा। इसमें भगवान कार्तिकेय, राधा-कृष्ण, सत्यनारायण भगवान, सद्गुरु टेऊँराम जी महाराज और भगवान शिव की सजीव झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को दर्शन कराए गए।
इससे पहले सतगुरु टेऊँराम चौथ, देवउठनी एकादशी और गोपाष्टमी महोत्सव पर भी नन्हे बाल स्वरूपों में सतगुरु स्वामी टेऊँराम, राधा-कृष्ण और कार्तिकेय की सजीव झांकियां सजाई गईं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। 15 दिवसीय आयोजन के दौरान संत-महात्माओं के सान्निध्य में भजन, सत्संग और हरिनाम संकीर्तन के कार्यक्रम हुए।
महोत्सव में हरि बोल, ॐ नमः गुरुदेव स्वामी टेऊँरामाय, ॐ नमः शिवाय, जय जय राधा रमण-हरि बोल, सतनाम साक्षी-सदा बोल प्यारा, जय टेऊँरामा-दर्श दिखाना-अमरापुर बसिया रे मेरे! मन बसिया रे और राधे राधे गोविंद-गोविंद राधे जैसे संकीर्तन किए गए। इसके साथ ही प्रतिदिन सतनाम साक्षी महामंत्र का 108 बार जाप किया गया।
कार्तिक महोत्सव के दौरान प्रभात फेरी, संकीर्तन, कार्तिक कथा, सद्गुरु टेऊँराम चौथ महोत्सव, गोपाष्टमी महोत्सव, आंवला पूजन, देवउठनी एकादशी पर व्रत एवं संकीर्तन, गौ पूजन और गौ सेवा सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।
मंगलवार को महोत्सव के समापन अवसर पर संत-महात्माओं द्वारा भजन, सत्संग और संकीर्तन के बाद श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ, गीता जी और कार्तिक महात्म्य की कथा का भोग एवं परायण किया जाएगा। इसके बाद विशाल आम भंडारे का आयोजन होगा। श्री मंदिर और दिव्य समाधि स्थल पर पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा तथा मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
श्री अमरापुर स्थान जयपुर के अनुसार, 15 दिवसीय कार्तिक उत्सव में जयपुर सहित देश-विदेश से आए 1 लाख से अधिक प्रेमी श्रद्धालुओं ने प्रभात फेरी और हरिनाम संकीर्तन में भाग लिया। मंगलवार को कथा के विश्राम, भोग-परायण और विशाल भंडारे के साथ धार्मिक आयोजनों की इस श्रृंखला का समापन होगा।

