ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में जयपुर जिले के फागी ब्लॉक में शक्ति संगम नारी कौशल केंद्र एवं आरआरआर (रिड्यूस, रियूज, रिसायकल) केंद्र का शुभारंभ किया गया। जिला परिषद जयपुर, फिनोवा कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड के 10 लाख रूपए के सीएसआर सहयोग और शक्ति संगम संस्था की सहभागिता से स्थापित यह केंद्र महिला कौशल विकास, आजीविका संवर्धन और हरित अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा।

केंद्र के शुभारंभ अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा ने कहा कि यह केंद्र सरकारी प्रयासों और कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रभावी समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगी।

वहीं फिनोवा कैपिटल के प्रबंध निदेशक मोहित साहनी ने कहा कि महिलाओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि यह केंद्र भविष्य में महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनेगा।

शक्ति संगम नारी कौशल केंद्र में हाई स्पीड सिलाई मशीन, पीको मशीन, ओवरलॉक मशीन सहित आधुनिक उपकरण स्थापित किए गए हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान वेस्ट टू वेल्थ थीम पर ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए अपसाइकिल उत्पादों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इसमें पुराने कपड़ों से तैयार बैग, कैप, चश्मे के कवर, यूटिलिटी पाउच, मैट, टोकरियां, हस्तशिल्प उत्पाद और पर्यावरण अनुकूल राखियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

उद्घाटन के साथ ही केंद्र में प्रशिक्षण गतिविधियों की शुरुआत कर दी गई। प्रथम चरण में 20 ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू की गई है। इसके साथ ही जयपुर की स्थानीय टेक्सटाइल इकाइयों ने केंद्र को कच्चे माल के रूप में कपड़ों की कटिंग एवं स्क्रैप फैब्रिक उपलब्ध कराना प्रारंभ कर दिया है।

केंद्र की शुरुआत के पहले ही दिन फागी क्षेत्र की लगभग 60 महिलाओं ने प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण कराया। फिनोवा कैपिटल ने भविष्य में भी महिला सशक्तीकरण की इस पहल में सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।

उद्घाटन समारोह में जिला प्रमुख रमा देवी चौपड़ा, प्रधान पंचायत समिति फागी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। समारोह में लगभग 200 स्थानीय नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। शक्ति संगम नारी कौशल केंद्र एवं आरआरआर केंद्र की शुरुआत फागी क्षेत्र में महिला सशक्तीकरण और अपशिष्ट प्रबंधन को आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई है।

Next Story