वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा में जयपुर में 56.42% अभ्यर्थी उपस्थित, प्रशासन की कड़ी निगरानी
जयपुर में वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025 के दौरान सामान्य ज्ञान और हिन्दी विषय में उपस्थिति प्रतिशत जारी, प्रशासन की निगरानी जारी।

राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025 (माध्यमिक शिक्षा विभाग) का आयोजन जयपुर जिले में 12 से 18 जुलाई, 2026 तक निर्धारित कार्यक्रमानुसार किया जा रहा है। परीक्षा के निष्पक्ष और सफल संचालन के लिए जिला कलक्टर के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा सूक्ष्म निगरानी व्यवस्था जारी रखी गई है।
सोमवार को प्रातःकालीन पारी में आयोजित सामान्य ज्ञान विषय की परीक्षा में कुल 51,175 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 28,873 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 22,302 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस परीक्षा में 56.42 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
वहीं, सायंकालीन पारी में आयोजित हिन्दी विषय की परीक्षा में कुल 51,175 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 28,614 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 22,561 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार हिन्दी विषय की परीक्षा में 55.91 प्रतिशत परीक्षार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 31 उड़नदस्तों का गठन किया गया है। प्रत्येक उड़नदस्ते में एक-एक आरएएस अधिकारी, एक-एक आरपीएस अधिकारी तथा एक-एक व्याख्याता को तैनात किया गया है। सभी उड़नदस्तों द्वारा परीक्षा केन्द्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर सूक्ष्म निगरानी रखी जा रही है।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जयपुर शहर पूर्व व परीक्षा के जिला समन्वयक अधिकारी नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा गठित निगरानी दलों के माध्यम से परीक्षा केन्द्रों पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही परीक्षा के प्रत्येक चरण की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को आयोजित दोनों पारियों की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन 18 जुलाई, 2026 तक निर्धारित कार्यक्रमानुसार जारी रहेगा।

