वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2025 संपन्न, जयपुर में 1.62 लाख अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2025 जयपुर में शांतिपूर्ण संपन्न, 174 केन्द्रों पर लगभग 3 लाख पंजीकृत अभ्यर्थियों में 1.62 लाख शामिल हुए।

राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2025 (माध्यमिक शिक्षा विभाग) का जयपुर जिले में 12 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिला कलक्टर संदेश नायक के नेतृत्व में परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि जयपुर जिले में वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा के लिए 174 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे, जहां लगभग 3 लाख अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से लगभग 1 लाख 62 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। सभी पारियों में अभ्यर्थियों की औसत उपस्थिति लगभग 54 प्रतिशत रही। परीक्षा के सफल संचालन के लिए शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के लगभग 3500 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति की गई।
परीक्षा में नकल एवं फर्जी परीक्षार्थियों की रोकथाम और परीक्षा के निष्पक्ष संचालन के लिए राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी, राज्य पुलिस सेवा अधिकारी तथा शिक्षा सेवा अधिकारियों के तीन सदस्यीय 126 सतर्कता दल गठित किए गए। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा एवं परीक्षा केन्द्रों पर उनके वितरण और संग्रहण के लिए पुलिस सुरक्षा में 264 उपसमन्वयक नियुक्त किए गए। प्रश्न पत्रों के सुरक्षित वितरण एवं संग्रहण के लिए पुलिस सुरक्षा के बीच समुचित व्यवस्थाएं की गईं। वहीं जिला कलक्ट्रेट में स्थापित नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरी परीक्षा अवधि में लगातार मॉनिटरिंग की गई।
परीक्षा के दौरान विभिन्न विषयों में अभ्यर्थियों की उपस्थिति भी दर्ज की गई। 12 जुलाई को प्रातः पारी में आयोजित सामान्य ज्ञान विषय की परीक्षा में 35,774 तथा सायंकालीन पारी में आयोजित सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में 35,277 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। 13 जुलाई को प्रातः पारी में सामान्य ज्ञान विषय की परीक्षा में 28,873 तथा सायंकालीन पारी में हिन्दी विषय की परीक्षा में 28,614 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
14 जुलाई को प्रातः पारी में सामान्य ज्ञान विषय में 27,953 तथा सायंकालीन पारी में विज्ञान विषय में 18,937 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। 15 जुलाई को प्रातः पारी में संस्कृत विषय की परीक्षा में 8,299 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। 16 जुलाई को प्रातः पारी में सामान्य ज्ञान विषय में 21,863 तथा सायंकालीन पारी में गणित विषय में 12,359 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
17 जुलाई को प्रातः पारी में अंग्रेजी विषय में 7,720 तथा सायंकालीन पारी में उर्दू विषय में 437 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 18 जुलाई को प्रातः पारी में पंजाबी विषय में 125 तथा सायंकालीन पारी में गुजराती विषय में 12 और सिंधी विषय में 55 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट एवं परीक्षा के जिला समन्वयक अधिकारी नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा का आयोजन सभी केन्द्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से सभी परीक्षाएं बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक आयोजित की गईं।
जयपुर जिले में आयोजित यह परीक्षा प्रशासनिक समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शी प्रक्रिया के साथ निर्धारित अवधि में पूरी हुई, जिसमें सभी परीक्षा केन्द्रों पर व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखा गया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
