एसडीआरएफ में राष्ट्रीय खेल दिवस पर 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' का आयोजन
गाडोता मुख्यालय में तीन दिवसीय खेल गतिविधियों के जरिए एसडीआरएफ कार्मिकों को शारीरिक दक्षता, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने का संदेश दिया गया।

तस्वीर में गाडोता मुख्यालय के गेट से साइकिल चलाते हुए बाहर निकलते एसडीआरएफ के जवान।
जयपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' थीम के तहत एसडीआरएफ राजस्थान द्वारा 28 से 30 अगस्त तक गाडोता स्थित एसडीआरएफ बटालियन मुख्यालय में तीन दिवसीय विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया।
एसडीआरएफ कमाण्डेन्ट रेवन्त दान आईपीएस ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य एसडीआरएफ कार्मिकों में शारीरिक दक्षता, मानसिक सुदृढ़ता, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा। उन्होंने कहा कि आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में एसडीआरएफ कार्मिकों की भूमिका अत्यंत चुनौतीपूर्ण होती है, इसलिए उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद आवश्यक है।
तीन दिवसीय आयोजन की शुरुआत 28 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को डिजिटल श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके साथ ही 'ऊर्जा से भरपूर 29 चैलेंज', 'पास द बॉल' और 'स्पोर्ट्स बंधन' जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें एसडीआरएफ कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना और उत्कृष्ट टीम वर्क का परिचय दिया।
अगले दिन 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 'एक घंटा खेल, खेल के मैदान में' अभियान के तहत विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन हुआ, जहां जवानों ने मैदान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए फिटनेस, अनुशासन और आपसी समन्वय का संदेश दिया।
आयोजन के अंतिम दिन 30 अगस्त को 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम के तहत दौड़ एवं साइकिल यात्रा निकाली गई। इसमें एसडीआरएफ कार्मिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए नियमित व्यायाम, साइकिलिंग, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, फिट एवं स्वस्थ समाज के निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस तीन दिवसीय सफल आयोजन ने 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' के संदेश को सार्थक करते हुए खेलों को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और फिटनेस को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

