भारतीय स्टेट बैंक के 71वें स्थापना दिवस (स्टेट बैंक दिवस) के अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक व्यवसायिक कार्यालय, झुंझुनूं द्वारा समाज एवं पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करते हुए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से बैंक ने ग्राहकों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और जागरूकता का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय स्टेट बैंक की विभिन्न शाखाओं में आने वाले ग्राहकों का पुष्प भेंट कर हार्दिक स्वागत करने के साथ हुई। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बेहतर एवं आधुनिक बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

स्टेट बैंक दिवस के उपलक्ष्य में एसबीआई क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय, झुंझुनूं के अधिकारियों ने प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल, झुंझुनूं में विद्यार्थियों के साथ केक काटकर स्थापना दिवस मनाया तथा उनके लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, डिजिटल बैंकिंग एवं सामाजिक सरोकारों जैसे विषयों पर आकर्षक और प्रेरणादायक चित्र प्रस्तुत किए। भारतीय स्टेट बैंक व्यवसायिक कार्यालय, झुंझुनूं के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री हेमंत कुमार शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय प्रबंधक श्री हेमंत कुमार शर्मा के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में 50 मेधावी विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण कराया गया। प्रत्येक विद्यार्थी के नाम की पट्टिका संबंधित पौधे के सामने लगाई गई तथा उन्हें उस पौधे का संरक्षक घोषित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक श्री हेमंत कुमार शर्मा ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय स्टेट बैंक केवल बैंकिंग सेवाएँ ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि स्टेट बैंक दिवस पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा नई पीढ़ी को पर्यावरण और सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर बैंक, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने एक-दूसरे का आभार व्यक्त किया। स्टेट बैंक दिवस के अवसर पर आयोजित यह पहल बैंक की सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ी में जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story