सवाई माधोपुर जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे के कुस्तला कट पर की गई घेराबंदी में दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत का 47.288 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। इसके साथ ही यूपी नंबर की एक लग्जरी कार भी जब्त की गई, जिसमें विशेष रूप से बनाए गए खुफिया बॉक्स में गांजा छिपाकर रखा गया था।

यह कार्रवाई सवाई माधोपुर जिले के रवांजना डूंगर थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई। मामले की जानकारी देते हुए महानिदेशक पुलिस Rajiv Kumar Sharma एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस Dinesh M N के मार्गदर्शन में एएनटीएफ लगातार अंतरराज्यीय नेटवर्क पर शिकंजा कस रही है।

Vikas Kumar ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुट बिहारी (36) और हनुमान (30) के रूप में हुई है, जो सवाई माधोपुर के खंडार थाना क्षेत्र के फरिया गांव के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पिछले 6-7 वर्षों से उड़ीसा से गांजा लाकर राजस्थान और मध्य प्रदेश में सप्लाई कर रहे थे और यह उनका पहला बड़ा खुलासा है जिसमें वे पुलिस के हत्थे चढ़े।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि 10वीं तक पढ़ा मुकुट बिहारी पहले ड्राइवरी करता था और बाद में 2014 में मोबाइल रिचार्ज की दुकान चलाने लगा। व्यापार में घाटा होने पर उसने ग्राहकों को चुपके से गांजे की पुड़िया बेचना शुरू कर दिया, जिसके बाद उसका नेटवर्क बढ़ता गया। वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान उसकी पहचान उड़ीसा के एक बड़े तस्कर से हुई और वह बस, ट्रेन व मोटरसाइकिल के जरिए ओडिशा से गांजा लाकर मध्य प्रदेश और राजस्थान में सप्लाई करने लगा।

आईजी विकास कुमार के अनुसार आरोपी उड़ीसा से 4,000 से 5,000 रुपये प्रति किलो में गांजा खरीदकर उसे 15,000 से 20,000 रुपये प्रति किलो में बेचते थे। इसमें हनुमान मीणा को प्रति चक्कर 20,000 रुपये कमीशन मिलता था। दोनों हर दो महीने में ओडिशा का चक्कर लगाकर नेटवर्क के जरिए रोजाना करीब 2 किलो गांजा खपाते थे, जिससे उन्हें प्रति किलो 15,000 से 16,000 रुपये का शुद्ध मुनाफा और रोजाना 30,000 से 32,000 रुपये की कमाई होती थी।

पुलिस के अनुसार करीब दो माह तक निगरानी के बाद टीम ने आरोपी वाहन का पीछा ललितपुर से शुरू किया, जो रायपुर, झांसी, शिवपुरी होते हुए राजस्थान में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे तक पहुंचा। कुस्तला कट के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका गया, जहां तलाशी में कार की डिग्गी के दोनों ओर लाइटों के पास बने खुफिया बॉक्स से गांजा बरामद हुआ।

एएनटीएफ ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि टीम को मुख्यालय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी सूचना को एएनटीएफ कंट्रोल रूम या व्हाट्सएप नंबर पर साझा करें, जिसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इस कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की सख्त निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story