जयपुर के श्री अमरापुर स्थान स्थित गौशाला में पुरुषोत्तम मास की कमला एकादशी पर स्वामी मोहन प्रकाश जी महाराज के सान्निध्य में मौसमी फल खिलाकर गौ सेवा की गई।

मांगयावास, मानसरोवर स्थित श्री अमरापुर स्थान की सतगुरु टेऊराम गौशाला में पुरुषोत्तम मास की कमला एकादशी के पावन अवसर पर ग्रीष्म ऋतु की तीव्रता को देखते हुए गौ माता को ठंडे तासीर वाले फल अर्पित किए गए। इस दौरान तरबूज, खरबूजा, आम सहित विभिन्न मौसमी फल गौ माता को खिलाए गए।

कार्यक्रम का आयोजन श्री अमरापुर स्थान, जयपुर में पूज्य संत महात्माओं के सान्निध्य में किया गया। इस अवसर पर स्वामी मोहन प्रकाश जी महाराज ने कहा कि हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है और गौ माता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है। उन्होंने बताया कि गौ सेवा करने से 33 करोड़ देवी-देवताओं की उपासना के समान पुण्य प्राप्त होता है, जिससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, पितरों को शांति मिलती है तथा जीवन के संकट दूर होते हैं।

स्वामी मोहन प्रकाश जी महाराज ने यह भी कहा कि तीन वर्षों में एक बार आने वाले अधिक मास यानी पुरुषोत्तम मास में दान, पुण्य, नाम जप, गौ सेवा और व्रत का विशेष महत्व होता है। उन्होंने बताया कि इस मास की एकादशी का महत्व सामान्य एकादशी से कई गुना अधिक माना जाता है। इस दौरान जलदान, फलदान, मिट्टी के घड़े का दान तथा मंदिरों में दीपदान का विशेष महत्व है।

कमला पुरुषोत्तमी एकादशी के अवसर पर श्री अमरापुर अन्न भोजन प्रसादम के अंतर्गत राहगीरों को शीतलता प्रदान करने हेतु छाछ और शरबत का वितरण भी किया गया। साथ ही संकीर्तन, सत्संग एवं पुरुषोत्तम मास की कथा का वाचन हुआ, जिसमें संतों द्वारा सदगुरु स्वामी टेऊराम जी महाराज द्वारा रचित वाणी के भजनों का गायन किया गया। इस दौरान “मन मोहन गिरधारी बलिहारी जाऊँ दर्शन तेरियां...” जैसे भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम में श्री अमरापुर दरबार के लाडले लड्डू गोपाल जी का फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया तथा भक्तों को मिल्क रोज, फल एवं एकादशी का सात्विक फलाहारी प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन के अंत में भक्ति, सेवा और संस्कारों के संदेश के साथ सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story