जयपुर, 24 दिसम्बर। जवाहर कला केन्द्र स्थित शिल्पग्राम में आयोजित सरस राजसखी राष्ट्रीय मेले का सातवाँ दिन आज अपनी गतिविधियों, महत्वपूर्ण घोषणाओं और सशक्त सहभागिता के लिए यादगार रहा। ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण के संदेश को मजबूती देते हुए मेले में आज कई अहम कार्यक्रम संपन्न हुए, जिनमें आजीविका, नवाचार और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में पहल की गई।

मुख्य अतिथि, राजस्थान सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने मेले का अवलोकन किया और राजीविका (DAY-NRLM) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान SHG दीदियों ने अपने अनुभव, आजीविका से जुड़े नवाचार और आत्मनिर्भरता की यात्रा साझा की, जिसे मंत्री ने विशेष रूप से सराहा। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य मिशन निदेशक, राजीविका श्रीमती नेहा गिरि तथा विशेष अतिथि अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सुश्री दिव्याकृति सिंह की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

आज का मुख्य आकर्षण रहा AGEY वाहनों का शुभारंभ, जिसमें आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना (AGEY) के तहत चयनित 16 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित, सुलभ और किफायती परिवहन सेवाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ SHG महिलाओं को उद्यमिता के नए अवसर प्रदान करेगी। AGEY योजना का उद्देश्य दूरस्थ एवं अल्प-सेवित ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक निगरानी आधारित परिवहन सेवाएँ उपलब्ध कराना और महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ना है। योजना के तहत SHG एवं सामुदायिक संस्थाओं को नए व्यावसायिक वाहनों के लिए ब्याज मुक्त वित्तीय सहायता दी जाती है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में राजस्थान के लिए 40 तथा 2026-27 में 20 वाहनों की स्वीकृति दी गई है। कुल 60 वाहन राज्य के 31 जिलों और 60 ब्लॉकों में संचालित होंगे, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएँ प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगी।

मेले में इन्फ्लुएंसर्स मीट ने युवाओं और डिजिटल मीडिया का विशेष ध्यान आकर्षित किया। शहर के प्रमुख डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को 30 दिसंबर तक मेले से संबंधित कंटेंट तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा करने का अवसर दिया गया है। 4 जनवरी को सर्वश्रेष्ठ स्टोरी टैलर्स का चयन किया जाएगा, जिसमें प्रथम पुरस्कार ₹1.50 लाख, द्वितीय ₹1 लाख और तृतीय ₹50 हजार रखा गया है। चयन की प्रक्रिया कंटेंट की गुणवत्ता, रचनात्मकता, स्टोरी टेलिंग, इंगेजमेंट और समग्र प्रभाव के आधार पर होगी। कार्यक्रम के समापन पर माननीय मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने इन्फ्लुएंसर्स से संवाद किया और मीडिया के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

महिला उद्यमियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान (IGPRS), जयपुर में किया गया। कार्यशाला में उत्पाद गुणवत्ता, पैकेजिंग, मूल्य निर्धारण, ब्रांड निर्माण तथा डिजिटल एवं पारंपरिक विपणन पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को राष्ट्रीय सरस राजसखी मेले का अवलोकन कर राष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठ विपणन प्रथाओं से सीखने का अवसर भी मिला।

कुल मिलाकर, सरस राजसखी राष्ट्रीय मेले का सातवाँ दिन महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका, नवाचार और सहभागिता के मजबूत संदेश के साथ सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम DAY-NRLM के उद्देश्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है और राज्य के ग्रामीण विकास एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई मिसाल स्थापित कर रहा है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story