“मन में दृढ़ संकल्प हो तो उम्र कभी बाधा नहीं बनती”, इस कहावत को साकार कर दिखाया है जयश्री पेरीवाल हाई स्कूल की 16 वर्षीय छात्रा साराक्षी सिंह ने। साराक्षी शहर में स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर आमजन को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। साराक्षी सिंह द्वारा शुरू किया गया “गुलाबी रक्षक अभियान” स्वच्छता के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल बनकर उभरा है।

गुलाबी रक्षक अभियान और नगर निगम के साथ समन्वय

इस अभियान के अंतर्गत साराक्षी ने आकर्षक और जागरूकता बढ़ाने वाले पोस्टर्स तैयार कर नगर निगम जयपुर की टीम को उपलब्ध कराए हैं, जिन्हें निगम की टीम अपने सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) अभियानों में उपयोग कर रही है। इसके साथ ही वे अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित कर रही हैं। साराक्षी स्वच्छता जागरूकता अभियानों में भी सक्रिय रूप से भाग लेती हैं। वे सब्जी मंडियों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए प्रेरित करती हैं।

माता से मिली प्रेरणा और सामाजिक जिम्मेदारी का बोध

साराक्षी ने बताया कि उन्हें इस कार्य की प्रेरणा अपनी माता से मिली, जो नगर निगम जयपुर में अतिरिक्त आयुक्त के पद पर कार्य कर चुकी हैं। उनके साथ फील्ड में जाकर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को करीब से देखने के बाद उन्होंने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझा और इस अभियान की शुरुआत की। “गुलाबी रक्षक अभियान” के माध्यम से युवाओं और आमजन को कचरे के पृथक्करण (सेग्रीगेशन) तथा उसके उचित निस्तारण जैसी सरल एवं व्यावहारिक आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा सराहना और सक्रिय भागीदारी

यह पहल जागरूकता और व्यवहार के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साराक्षी सिंह नगर निगम जयपुर द्वारा आयोजित विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रमों, श्रमदान और अभियानों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। उनके द्वारा तैयार किए गए स्वच्छता आधारित पोस्टर का विमोचन नगर निगम आयुक्त द्वारा किया गया, जिन्होंने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story