18वें जन्मदिवस पर सारा हर्ष की अनूठी प्रस्तुति, ‘चित्रहार’ प्रदर्शनी में दिखी आत्म-अभिव्यक्ति की रंगीन यात्रा
जयपुर के जवाहर कला केंद्र में 18 वर्षीय कलाकार सारा हर्ष की सोलो आर्ट प्रदर्शनी ‘चित्रहार’ चर्चा का केंद्र बनी हुई है। बिना औपचारिक प्रशिक्षण के तैयार हुई यह रचनात्मक यात्रा कला प्रेमियों को आकर्षित कर रही है।

जयपुर के जवाहर कला केंद्र में 23 जून 2026 को युवा कलाकार सारा हर्ष की एकल कला प्रदर्शनी 'चित्रहार' के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित मुख्य अतिथि और गणमान्य लोग।
कला जब आत्मा की अनुभूतियों से जुड़ती है तो वह केवल चित्रों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि जीवन की कहानी बन जाती है। इसी भाव को साकार करते हुए युवा कलाकार सारा हर्ष ने अपने 18वें जन्मदिवस को एक विशेष रचनात्मक उत्सव का रूप दिया है। उनकी एकल कला प्रदर्शनी “चित्रहार – Unfolding Towards the Self” का आयोजन 23 एवं 24 जून 2026 को जयपुर स्थित जवाहर कला केंद्र की सुरेखा आर्ट गैलरी में किया जा रहा है।
दो दिवसीय इस प्रदर्शनी में सारा हर्ष द्वारा निर्मित विभिन्न कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है। इनमें आकर्षक पेंटिंग्स, हस्तचित्रित बैग्स एवं पाउच, हस्तनिर्मित फूलों सहित कई रचनात्मक कलात्मक कृतियाँ शामिल हैं। प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह है कि सारा हर्ष ने कला की कोई औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं की है। उन्होंने अपनी कल्पनाशक्ति, संवेदनशील दृष्टिकोण और इंटरनेट के माध्यम से विभिन्न कलाकारों के कार्यों का अध्ययन करते हुए स्वयं अपनी कलात्मक पहचान विकसित की है। प्रदर्शनी में प्रदर्शित प्रत्येक कृति उनके व्यक्तिगत अनुभवों, भावनाओं, विचारों और रचनात्मक विकास की कहानी को अभिव्यक्त करती है।
यह प्रदर्शनी केवल कलाकृतियों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि सारा के अब तक के रचनात्मक सफर का दस्तावेज भी प्रस्तुत करती है। अपने 18वें जन्मदिवस के अवसर पर उन्होंने अपनी कला को समाज के साथ साझा करने का निर्णय लिया है, जो युवा प्रतिभा और सृजनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।
प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर कई विशिष्ट अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें पद्मश्री तिलक गितई, वैदिक चित्रकार रामू रामदेव, सेंट जेवियर्स स्कूल की आर्ट एजुकेटर खुशबू खंगारोत, समाजसेवी सुधीर माथुर, कमला पोद्दार ग्रुप की निदेशक कमला पोद्दार तथा यज्ञाचार्या डॉ. निर्मला सेवानी शामिल रहीं।
‘चित्रहार’ शीर्षक स्वयं में संवेदनाओं, आत्म-अन्वेषण और सृजनशीलता की उस यात्रा का प्रतीक है, जिसमें एक युवा कलाकार अपने भीतर के संसार को रंगों और कलात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से सामने ला रही है। यह प्रदर्शनी युवा रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कला के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण बनकर उभर रही है।
सारा हर्ष ने कला प्रेमियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, कलाकारों और जयपुरवासियों से प्रदर्शनी में पहुंचकर उनकी रचनात्मक यात्रा का हिस्सा बनने का आग्रह किया है। कला और आत्म-अभिव्यक्ति के इस अनूठे संगम ने शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक नई ऊर्जा का संचार किया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
