खारड़िया ग्राम पंचायत स्थित बालाजी बगीची में संत श्री चुन्नीलाल जी महाराज की 121वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। श्री बंशीलाल जी महाराज के सानिध्य में आयोजित जयंती समारोह में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने संत महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और बालाजी महाराज के दर्शन किए।

जयंती समारोह के दौरान मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां दीं तथा सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ कर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। धार्मिक आयोजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

कार्यक्रम में डीडवाना विधायक यूनुस खान, मकराना के पूर्व विधायक श्री राम भींचर, सती बाईजी फिरोजपुरा, भाजपा नेता रामकिशन खिचड़, युवा नेता सुखदेव ओगरा, द्वारकाप्रसाद शर्मा, कैलाश गोदारा सहित क्षेत्र के कई सरपंच एवं पूर्व सरपंचों ने शिरकत की।

इस अवसर पर श्री बंशीलाल जी महाराज के सानिध्य में संत श्री चुन्नीलाल जी महाराज की जयंती पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने धार्मिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी संत श्री चुन्नीलाल जी महाराज की जयंती पर बालाजी बगीची में आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर तक जारी रहा। आयोजन में श्रद्धालुओं ने संत महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इस दौरान बालाजी बगीची में जयंती समारोह श्रद्धा और धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहा।

Next Story