समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड पर रेल संरक्षा और परिचालन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में उत्तर पश्चिम रेलवे ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जोधपुर मंडल के इस महत्वपूर्ण रेलमार्ग पर 220 किलोमीटर ट्रैक नवीनीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। मार्च 2025 में स्वीकृति मिलने के बाद महज 19 माह में यह कार्य पूरा हुआ है। नवीनीकरण के बाद रेलखंड का ट्रैक क्वालिटी इंडेक्स (टीक्यूआई) बढ़कर 106.20 पहुंच गया है, जो भारतीय रेल में सर्वोच्च स्तर है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड सीसी+8+2टी डबल स्टैक कंटेनर परिचालन मार्ग है। इस रेलखंड पर पहले 52 केजी रेल लगी हुई थीं। भारी क्षमता वाले परिचालन के अनुरूप रेलपथ को अधिक मजबूत बनाने के लिए इन्हें 60 केजी रेल से बदलने की परियोजना स्वीकृत की गई थी। इसके तहत संपूर्ण ट्रैक का नवीनीकरण किया गया है।

परियोजना के तहत 8 गर्डर पुलों पर सभी ब्रिज चैनल स्लीपरों और रेलों को बदला गया है। इनमें 2 महत्वपूर्ण पुल भी शामिल हैं। पुलों के एप्रोच को मजबूती देने के लिए चौड़े बेस वाले स्लीपर लगाए गए हैं। इसके अलावा 16 यार्डों में संपूर्ण टर्नआउट नवीनीकरण और थ्रू टर्नआउट स्लीपर नवीनीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष 12 यार्डों में यह कार्य फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रेलपथ पर 4,000 कैजुअल स्लीपरों का नवीनीकरण भी किया गया है।

इसी क्रम में 16 यार्डों में एसईजे का संपूर्ण नवीनीकरण किया जा चुका है, जबकि शेष 12 यार्डों में यह कार्य फरवरी 2027 तक पूरा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 2 पुलों पर आरएसआई अध्ययन करवाकर एलडब्ल्यूआर का विस्तार किया गया है। इससे फ्री ज्वाइंट समाप्त करने में सफलता मिली है।

ट्रैक नवीनीकरण का असर अब रेलखंड की गुणवत्ता और संरक्षा में सुधार के रूप में सामने आया है। रेलखंड का टीक्यूआई बढ़कर 106.20 हो गया है, जो भारतीय रेल में सर्वोच्च स्तर पर है। इसके साथ ही 100 किलोमीटर हिस्से में ट्रेनों की अधिकतम गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। शेष 120 किलोमीटर रेलखंड पर भी गति बढ़ाने का कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड पर 220 किलोमीटर ट्रैक नवीनीकरण का निर्धारित समय में पूरा होना रेलवे की कार्ययोजना, तकनीकी दक्षता और विभागीय समन्वय का परिणाम है। इस कार्य से रेलपथ की मजबूती, गुणवत्ता और संरक्षा में वृद्धि हुई है। साथ ही डबल स्टैक कंटेनर परिचालन वाले इस महत्वपूर्ण रेलमार्ग पर सुरक्षित और सुचारू रेल संचालन को भी मजबूती मिलेगी।

Next Story