हनुमानगढ़ में कुख्यात नशा तस्कर सलमान खान का एक करोड़ का मकान फ्रीज
हनुमानगढ़ में पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत नशा तस्कर सलमान खान का एक करोड़ रुपये का मकान फ्रीज किया, कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई।

तस्वीर में टिब्बी थाने के पुलिसकर्मी हनुमानगढ़ में कुख्यात नशा तस्कर सलमान खान के फ्रीज किए गए रिहायशी मकान के बाहर खड़े होकर नोटिस बोर्ड के साथ नजर आ रहे हैं।
ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत हनुमानगढ़ पुलिस ने नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नशा तस्कर सलमान खान पुत्र शाहनवाज उर्फ लखा, निवासी वार्ड नंबर 05, थाना टिब्बी का करीब एक करोड़ रुपये मूल्य का 360 वर्गगज का रिहायशी मकान फ्रीज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत की है।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार और जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य के निर्देशन में नशा तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत टिब्बी थानाधिकारी श्री राकेश सांखला मय टीम ने सोमवार, 24 अगस्त को सलमान खान की संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार सलमान खान अव्वल दर्जे का नशा तस्कर है। उसके विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के 3 प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा चोरी और आर्म्स एक्ट का एक-एक प्रकरण भी दर्ज है। इस तरह उसके खिलाफ कुल 5 प्रकरण दर्ज हैं।
वित्तीय जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सलमान खान पिछले कई वर्षों से नशा तस्करी में लिप्त था। जांच में संपत्ति अर्जित करने के लिए उसके पास कोई वैध आय स्रोत नहीं पाया गया। पुलिस के अनुसार उसने नशे के कारोबार से अर्जित धन से करीब 360 वर्गगज क्षेत्रफल का रिहायशी मकान बनाया था। इसी आधार पर उक्त संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत फ्रीज किया गया।
एसपी बी. आदित्य के कार्यकाल में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत संपत्ति फ्रीज करने की यह 8वीं बड़ी कार्रवाई है। हनुमानगढ़ पुलिस के अनुसार एसपी बी. आदित्य की पोस्टिंग के बाद अब तक करीब 11 से 12 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां फ्रीज की जा चुकी हैं।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुसार उन्हें फ्रीज एवं जब्त करने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
