जोधपुर में सहकार भारती की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक संपन्न, सितंबर-नवंबर में होंगे बड़े सम्मेलन और नए दायित्वों की घोषणा
जोधपुर में सहकार भारती राजस्थान की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में सितंबर और नवंबर के सम्मेलन तय हुए। कई नए पदाधिकारियों की नियुक्ति भी घोषित की गई।

सहकारिता क्षेत्र में कार्यरत देश के एकमात्र अखिल भारतीय संगठन सहकार भारती राजस्थान की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार को जोधपुर स्थित केशव परिसर में संपन्न हुई। बैठक में आगामी महीनों के संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए प्रदेश में संस्कारयुक्त सहकारिता के उद्देश्य को आगे बढ़ाने, संगठन विस्तार करने तथा सहकारिता की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
सहकार भारती के प्रदेश मंत्री मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि बैठक में अगस्त से दिसंबर के बीच आयोजित किए जाने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। विभिन्न सत्रों में संगठन विस्तार, सहकारिता से अधिकाधिक लोगों को जोड़कर उन्हें लाभान्वित करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने बताया कि पैक्स, लैंप्स और डेयरी के जिला स्तरीय सम्मेलन सितंबर में आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा एफपीओ, मत्स्य, डेयरी, एसएचजी, बैंक, बुनकर सहित विभिन्न प्रकार के आठ प्रकोष्ठों के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन नवंबर में प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
बैठक के विभिन्न सत्रों में संरक्षक मोहन लाल परमार, संगठन प्रमुख प्रदीप चौबीसा, जयंत कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष महेन्द्र दवे, कोष प्रमुख इन्द्रेश कुमार गुप्ता तथा प्रदेश प्रचार सह प्रमुख शिव शंकर शर्मा ने अपने विचार रखे।
बैठक के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष महेन्द्र दवे ने संगठन के नए दायित्वों की घोषणा भी की। उन्होंने सूरज भान सिंह आमेरा को प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही देवेंद्र सैनी को उपभोक्ता प्रकोष्ठ तथा अभिषेक बगडिया को आईटी प्रकोष्ठ का नया प्रदेश संयोजक बनाया गया।
नई जिम्मेदारियों के तहत प्रकाश जायसवाल, डॉ. रेखा वर्मा (कोटा), डॉ. शिरीष शर्मा, मनोज पारीक (बीकानेर), जगदीश मीणा (जयपुर) तथा प्रमोद शर्मा (भरतपुर) को विभाग प्रमुख, सह प्रमुख और महिला प्रमुख के रूप में दायित्व सौंपे गए।
वहीं शिवचरण पितलिया, कृष्ण कुमार गुप्ता (भरतपुर), अजीत मीणा तथा परमसुख को करौली के अध्यक्ष और महामंत्री के रूप में दायित्व दिए गए। इसके अलावा विकास शर्मा (चूरू), सुभाष ओझा (ब्यावर), लीलाराम प्रजापत (नागौर) तथा पुखराज दर्जी (फलोदी) को जिला संयोजक बनाया गया। प्रदेश मंत्री मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि इन संगठनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेशभर में सहकारिता को मजबूत करने और आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
