सेफ सिटी अभियान में युवाओं से संवाद, एसपी बी. आदित्य ने नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ
हनुमानगढ़ में सेफ सिटी अभियान के तहत एसपी बी. आदित्य ने सैकड़ों युवाओं से संवाद किया। नशे, अपराध और नार्कोटिक्स टेररिज्म के खतरे समझाते हुए युवाओं को लक्ष्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई।

तस्वीर में हनुमानगढ़ में सेफ सिटी अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी और अन्य लोग नजर आ रहे हैं।
जयपुर, 12 अगस्त। सेफ सिटी अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ श्री बी. आदित्य की अध्यक्षता में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न कोचिंग एवं शिक्षण संस्थानों से सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने, खेलों से जुड़ने तथा अपराध और नशे की प्रवृत्ति से दूर रहकर बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सेफ सिटी अभियान से जोड़ना, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए अन्य युवाओं को भी नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित करना रहा। करीब तीन मिनट के वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से सेफ सिटी अभियान की कार्ययोजना, सेफ सिटी पोर्टल की कार्यप्रणाली तथा सेफ सिटी टीम द्वारा संवेदनशील एवं संदिग्ध स्थानों पर पहुंचकर की जा रही निगरानी, सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई की जानकारी युवाओं को दी गई। इसके साथ ही युवाओं की समस्याओं, सुझावों और जिज्ञासाओं पर सीधा संवाद किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन का मूल मंत्र लक्ष्य निर्धारित करना और उसे हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करते रहना है। लक्ष्य के प्रति ईमानदार प्रयास, निरंतरता और दृढ़ संकल्प के साथ मेहनत की जाए तो जीवन में आने वाली हर बाधा को पार कर लक्ष्य तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने युवाओं को अपनी उम्र के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने और खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी का बोध कराते हुए कहा कि यह युवाओं पर निर्भर करता है कि वे अपने भविष्य के लिए नशे एवं अपराध की राह चुनते हैं या मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ सफल जीवन की ओर बढ़ते हैं। आज की युवा पीढ़ी जिस दिशा में आगे बढ़ेगी, उसी से समाज और देश का भविष्य निर्धारित होगा।
श्री बी. आदित्य ने युवाओं से नार्कोटिक्स टेररिज्म के खतरे को लेकर भी विस्तृत संवाद किया। उन्होंने बताया कि किसी देश को आर्थिक अथवा अन्य तरीकों से कमजोर करने के प्रयासों में युवा वर्ग एक महत्वपूर्ण लक्ष्य हो सकता है। नशे के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और भविष्य को कमजोर किया जा सकता है तथा नशे से उत्पन्न अवैध धन संगठित अपराध एवं राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने का माध्यम बन सकता है।
उन्होंने युवाओं को समझाया कि नशे की शुरुआत कई बार किसी गलत संगत, अपराधी के प्रभाव, आकर्षक जीवनशैली के भ्रम अथवा अपनी किसी समस्या से थोड़े समय के लिए राहत पाने की सोच से होती है। इसके बाद व्यक्ति धीरे-धीरे नशे की निर्भरता में फंस सकता है और नशे की पूर्ति के लिए चोरी, लूट अथवा अन्य अपराधों की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि अपराध की दुनिया में सक्रिय लोग युवाओं को झूठे आश्वासन देकर अपने प्रभाव में लेते हैं और बाद में उन्हें गंभीर आपराधिक गतिविधियों में धकेल सकते हैं। इसलिए युवाओं को ऐसे लोगों, गलत संगत और नशे से पूरी तरह दूर रहना चाहिए तथा अपने भविष्य के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
कार्यक्रम में दर्पण कला मंच द्वारा नशे के दुष्प्रभावों पर संक्षिप्त नाट्य प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का प्रभावी संदेश दिया गया। इस दौरान श्री बी. आदित्य ने युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।
एसपी बी. आदित्य ने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि एक शिक्षक स्वयं सफलता प्राप्त करने के बाद भी समाज के अन्य युवाओं को शिक्षित एवं सफल बनाने में अपना योगदान देता है। उन्होंने युवाओं को ऐसे मार्गदर्शकों से सीख लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में श्री अरविंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रीमती राज कंवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक SIUCAW, श्री रामचंद्र कस्वा, थानाधिकारी पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन, श्री लखवीर, थानाधिकारी पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन, श्री राजीव रॉयल, थाना अधिकारी पुलिस थाना सदर, श्रीमती चंद्रकला, थानाधिकारी पुलिस थाना महिला, श्री जगदीश कड़वासरा, प्रभारी सेफ सिटी टीम, श्री अनिल चंदा, प्रभारी यातायात, श्रीमती गायत्री चौधरी, प्रभारी कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सहित पुलिस अधिकारी, शिक्षण एवं कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पुलिस-युवा संवाद के जरिए युवाओं को सेफ सिटी अभियान से जोड़ने और नशे तथा अपराध से दूर रहने के लिए जागरूक करने की पहल की गई।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
