भारतीय रेलवे ने राजस्थान और गुजरात के बीच रेल यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए साबरमती-लालगढ़-साबरमती प्रतिदिन एक्सप्रेस रेलसेवा शुरू करने की घोषणा की है। नई रेलसेवा के संचालन से दोनों राज्यों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा तथा यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक रेल संपर्क का लाभ मिलेगा।

इस नई रेलसेवा का शुभारंभ 21 जून 2026 को बीकानेर में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव एवं केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल बीकानेर-साबरमती उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04707 बीकानेर-साबरमती उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा 21 जून 2026, रविवार को सुबह 9:45 बजे बीकानेर से रवाना होकर रात 11:50 बजे साबरमती पहुंचेगी। यह विशेष रेलसेवा मार्ग में नोखा, नागौर, मेडता रोड, गोटन, जोधपुर, लूनी, समदड़ी, मोकलसर, जालोर, मोदरान, मारवाड़ भीनमाल, रानीवाड़ा, धनेरा, भीलड़ी, पाटन तथा महेसाना स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एक फर्स्ट एसी, दो सेकंड एसी, पांच थर्ड एसी, तीन शयनयान, चार साधारण श्रेणी तथा दो पावरकार सहित कुल 17 कोच लगाए जाएंगे।

नई रेलसेवा की नियमित शुरुआत 22 जून 2026 से होगी। गाड़ी संख्या 19407 साबरमती-लालगढ़ प्रतिदिन एक्सप्रेस प्रतिदिन शाम 5:55 बजे साबरमती से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:10 बजे लालगढ़ पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 19408 लालगढ़-साबरमती प्रतिदिन एक्सप्रेस 23 जून 2026 से प्रतिदिन रात 9:05 बजे लालगढ़ से प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 11:30 बजे साबरमती पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में संचालित होने वाली यह नियमित रेलसेवा महेसाना, पाटन, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेडता रोड, नागौर, नोखा और बीकानेर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

नियमित सेवा में यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल 23 डिब्बों की व्यवस्था की गई है। ट्रेन में एक फर्स्ट एसी, तीन सेकंड एसी, पांच थर्ड एसी, दो थर्ड एसी इकोनॉमी, छह शयनयान, चार साधारण श्रेणी तथा दो पावरकार कोच शामिल होंगे।

साबरमती-लालगढ़ दैनिक एक्सप्रेस के संचालन से राजस्थान और गुजरात के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलेगी। यह सेवा न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध कराएगी, बल्कि क्षेत्रीय संपर्क, व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक आवागमन को भी नई गति प्रदान करेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story