राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद सभागार, चौमूं में उपखंड अधिकारी आशीष शर्मा की अध्यक्षता में संवाद कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा अन्य स्टेकहोल्डर्स ने भाग लिया।

उपखंड अधिकारी आशीष शर्मा ने बताया कि आरयूआईडीपी के पांचवें चरण के तहत चौमूं शहर में लगभग 13.40 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें बाढ़ प्रबंधन, कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा पर्यटन विकास से संबंधित कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और नागरिकों को बेहतर शहरी सेवाएं उपलब्ध कराना है।

अपने संबोधन में आशीष शर्मा ने कहा कि किसी भी विकास परियोजना की सफलता प्रशासन, नगर परिषद और आमजन के आपसी समन्वय एवं सहयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने नगर परिषद चौमूं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आरयूआईडीपी के माध्यम से प्रस्तावित कार्यों के पूरा होने से चौमूं शहर में जलभराव की समस्या के समाधान, आधुनिक शहरी प्रबंधन प्रणाली की स्थापना तथा स्वच्छता और पर्यटन सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे शहर के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि प्राप्त सुझावों को परियोजना के क्रियान्वयन में यथासंभव शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही परियोजना के सभी कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।

इस अवसर पर आरयूआईडीपी के अभियंताओं ने परियोजना से संबंधित तकनीकी प्रस्तुतीकरण दिया तथा उपस्थित प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में नगर परिषद के आयुक्त, आरयूआईडीपी के अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, पूर्व पार्षद, प्रबुद्धजन और अन्य संबंधित स्टेकहोल्डर्स उपस्थित रहे। संवाद कार्यशाला में प्रस्तावित विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story