जयपुर में आरयूआईडीपी के पांचवें चरण में 2233 करोड़ का निवेश, ट्रीटेड वाटर रियूज पर रहेगा विशेष फोकस
जयपुर में आरयूआईडीपी के पांचवें चरण के तहत 2233 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा हुई। ट्रीटेड वाटर रियूज, सीवर अपग्रेडेशन और विकास कार्यों पर अहम सुझाव सामने आए।

तस्वीर में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित आरयूआईडीपी संवाद बैठक में बैठे जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अन्य स्टेकहोल्डर्स नजर आ रहे हैं।
जयपुर में राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण के तहत 2233 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अन्य स्टेकहोल्डर्स को प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में आदर्शनगर विधायक रफीक खान, आमेर विधायक प्रशांत शर्मा तथा जिला कलक्टर संदेश नायक मौजूद रहे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित विकास कार्यों पर फीडबैक दिया और परियोजना के पांचवें चरण को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।
संवाद कार्यक्रम के दौरान आदर्शनगर विधायक रफीक खान ने कहा कि जलमहल और कानोता बांध में पहुंच रहे दूषित जल के शोधन के लिए पर्याप्त क्षमता वाले सीवेज शोधन संयंत्र की आवश्यकता है। उन्होंने जयपुर शहर की पुरानी सीवर लाइनों के उन्नयन को भी आरयूआईडीपी के पांचवें चरण में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि परियोजना की सफलता के लिए आरयूआईडीपी, नगर निगम और अन्य सहयोगी विभागों के बीच बेहतर समन्वय होना आवश्यक है।
आमेर विधायक प्रशांत शर्मा ने सुझाव दिया कि पांचवें चरण में सेटेलाइट टाउन्स के रूप में अचरोल और कूकस को भी शामिल किया जाए, क्योंकि इन क्षेत्रों में तेजी से शहरीकरण हुआ है और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता है।
कार्यशाला के दौरान जिला कलक्टर संदेश नायक ने परियोजना की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि पांचवें चरण में ट्रीटेड वाटर के पुनः उपयोग पर विशेष जोर दिया जाए, ताकि भूमिगत जल के दोहन में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान आमजन को न्यूनतम असुविधा हो तथा विकास कार्यों का लाभ लोगों तक जल्द से जल्द पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों के कई रचनात्मक सुझाव सामने आए हैं।
कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, परियोजना से जुड़े अधिकारियों तथा आमजन ने भाग लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने शहरी विकास कार्यों के प्रभावी और सफल क्रियान्वयन के लिए आरयूआईडीपी और स्थानीय निकायों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।
आरयूआईडीपी द्वारा पांचवें चरण में साढ़े नौ हजार करोड़ रुपये से होने वाले विकास कार्यों को लेकर प्रदेश के 84 शहरों में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के लिए "आरयूआईडीपी संवाद" परामर्श बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। यह संवाद कार्यक्रम 5 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित होंगे, जिनमें पांचवें चरण के प्रस्तावित कार्यों की जानकारी देने के साथ प्रतिभागियों से सुझाव और फीडबैक भी लिए जाएंगे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
