आषाढ़ मास में हाथोज धाम पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुआ भव्य रुद्राभिषेक, ताइवान परिवार ने लिया वार्षिक संकल्प
जयपुर के हाथोज धाम में आषाढ़ मास के प्रदोष पर्व पर वैदिक विधि से भव्य रुद्राभिषेक सम्पन्न हुआ। ताइवान निवासी विष्णु जी गोयल परिवार ने प्रतिवर्ष आयोजन का संकल्प लिया।

जयपुर स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर में भगवान शिव के रुद्राभिषेक के दौरान स्वामी बालमुकुंदाचार्य और श्रद्धालु।
आषाढ़ मास के पावन अवसर पर रविवार को जयपुर स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी महाराज मंदिर, हाथोज धाम में श्री बालाजी जनकल्याण ट्रस्ट के तत्वावधान में प्रदोष पर्व पर भगवान शिव का वैदिक विधि-विधान के साथ भव्य रुद्राभिषेक सम्पन्न हुआ। धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
रुद्राभिषेक के मुख्य यजमान ताइवान निवासी विष्णु जी गोयल एवं उनके परिवार रहे। 11 विद्वान पण्डितों ने गोविन्द नारायण भातरा के आचार्यों के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार एवं रुद्रपाठ के साथ भगवान शिव का सुगंधित द्रव्यों, पंचामृत तथा विभिन्न फलों के रस से अभिषेक किया। इस दौरान प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की मंगलकामना की गई।
हाथोज धाम पीठाधीश्वर एवं हवामहल विधायक स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि आषाढ़ मास में प्रदोष काल के दौरान रुद्राभिषेक का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि सामान्यतः श्रद्धालु श्रावण मास में भगवान शिव का अभिषेक करते हैं, किंतु आषाढ़ मास में श्रद्धा एवं विधिपूर्वक किया गया रुद्राभिषेक भगवान शिव की विशेष कृपा प्रदान करता है तथा भक्तों की मनोकामनाओं की पूर्ति का माध्यम बनता है।
संध्याकाल में मंदिर परिसर में भगवान श्री बालाजी महाराज एवं भगवान शिव की मनोहारी फूल बंगला झांकी सजाई गई। इसके बाद भव्य महाआरती का आयोजन हुआ तथा आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर ताइवान निवासी विष्णु जी गोयल एवं उनके परिवार ने हाथोज धाम में प्रतिवर्ष रुद्राभिषेक कराने का संकल्प लिया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
