ब्यावर में RSS का विशाल पथ संचलन, 31 बस्तियों के स्वयंसेवकों ने दिखाया अनुशासन
संघ की स्थापना के 101 वर्ष पूरे होने पर ब्यावर में निकला पथ संचलन, 15 मार्गों पर पुष्प वर्षा कर विभिन्न संगठनों ने किया स्वागत।

ब्यावर में संघ स्थापना के 101 वर्ष पूरे होने पर आयोजित पथ संचलन में शामिल स्वयंसेवक।
ब्यावर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विशाल पथ संचलन में स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया। शरद पूर्णिमा के अवसर पर निकले इस पथ संचलन में नगर की 31 बस्तियों के वरिष्ठ, युवा, किशोर और बाल स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए। शहर के 15 मार्गों से गुजरते संचलन का विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के गौरवशाली 101 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को ब्यावर नगर में यह पथ संचलन आयोजित किया गया। राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, एकता और राष्ट्रीय चेतना के उद्देश्य से निकाले गए संचलन का आयोजन आरएसएस ब्यावर नगर के संघ चालक बनवारी लाल पारीक और जिला प्रचारक नरेंद्र सिंह के सान्निध्य में हुआ। अपराह्न साढ़े चार बजे सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान से संचलन रवाना हुआ।
पथ संचलन में नगर की 31 बस्तियों के बड़ी संख्या में वरिष्ठ, युवा, किशोर और बाल स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए। हाथों में दंड लेकर पंक्तिबद्ध तरीके से सधे कदमों के साथ आगे बढ़ते स्वयंसेवकों ने अनुशासन की नजीर पेश की। संचलन के दौरान आनक, पणव, शंख, झल्लरी, तूर्य, वेणु, नागांग और स्वरद जैसे वाद्य यंत्रों की कर्णप्रिय ध्वनियों से राष्ट्रीय चेतना का संदेश दिया गया।
शहर में पथ संचलन का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। भाजपा मंडल, आर्य समाज, कोठी चौक नवयुवक संघ, भारत विकास परिषद, विवेकानंद केंद्र, चांग गेट व्यापार एसोसिएशन और ब्यावर व्यापार संघ सहित विभिन्न संस्थाओं ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का जोरदार अभिनंदन किया। पथ संचलन के अवसर पर बाजार में जगह-जगह स्वागत द्वार भी लगाए गए।
शहर के 15 मार्गों से गुजरने के बाद पथ संचलन सायं साढ़े पांच बजे पुनः सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान पहुंचा। पूरे आयोजन के दौरान ब्यावर सिटी, सदर, जवाजा और साकेत नगर थाना पुलिस मुस्तैद रही। बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की सहभागिता, पंक्तिबद्ध संचलन और विभिन्न संस्थाओं के स्वागत के बीच ब्यावर में आरएसएस का यह आयोजन संपन्न हुआ।

