राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित प्राध्यापक, प्राध्यापक (कृषि) एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2025 के अंतर्गत जयपुर जिले में सोमवार को विभिन्न विषयों की परीक्षाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें कृषि, लोक प्रशासन एवं गृह विज्ञान विषयों के पेपरों में क्रमशः 38.58 प्रतिशत, 24.94 प्रतिशत एवं 28.23 प्रतिशत परीक्षार्थी उपस्थित रहे।

परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जयपुर (पूर्व) श्री नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम पारी में आयोजित कृषि (Agriculture) विषय की परीक्षा के लिए कुल 5,612 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,165 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 3,447 अनुपस्थित रहे, जिससे उपस्थिति दर 38.58 प्रतिशत दर्ज की गई। इसी प्रथम पारी में आयोजित लोक प्रशासन (Public Administration) विषय की परीक्षा में कुल 1,271 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 317 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 954 अनुपस्थित रहे, जिसमें उपस्थिति 24.94 प्रतिशत रही। वहीं द्वितीय पारी में आयोजित गृह विज्ञान (Home Science) विषय की परीक्षा के लिए कुल 3,146 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 888 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 2,258 अनुपस्थित रहे, जिसके तहत उपस्थिति दर 28.23 प्रतिशत दर्ज की गई।

श्री वर्मा ने जानकारी दी कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुआ। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा संचालन हेतु सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। सभी केन्द्रों पर नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं अधिकारियों द्वारा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित कराई गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का सफल संचालन हुआ तथा किसी भी परीक्षा केन्द्र से कोई अप्रिय घटना अथवा अव्यवस्था की सूचना प्राप्त नहीं हुई, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न मानी गई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story