राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित कनिष्ठ विधि अधिकारी परीक्षा-2025 (जयपुर विकास प्राधिकरण) के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जयपुर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा का आयोजन 26 एवं 27 जुलाई, 2026 को प्रतिदिन दो पारियों में किया जाएगा। पहली पारी प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 2:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक आयोजित होगी।

जिला कलक्टर संदेश नायक के आदेशानुसार परीक्षा के सफल संचालन एवं समन्वय के लिए कलक्ट्रेट जयपुर के कक्ष संख्या 116 में जिला स्तरीय परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष 24 एवं 25 जुलाई को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक तथा 26 एवं 27 जुलाई को प्रातः 7 बजे से परीक्षा समाप्ति तक संचालित रहेगा।

परीक्षा व्यवस्था के समन्वय एवं सुचारु संचालन के लिए नियंत्रण कक्ष में विभिन्न विभागों के कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। नियुक्त कार्मिक परीक्षा अवधि के दौरान नियंत्रण कक्ष में उपस्थित रहकर समन्वयक परीक्षा आयोजन के निर्देशानुसार सभी आवश्यक कार्यवाहियां सुनिश्चित करेंगे, ताकि परीक्षा का संचालन व्यवस्थित और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप किया जा सके।

जिला स्तरीय परीक्षा नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 0141-2206699 निर्धारित किया गया है। जिला कलक्टर संदेश नायक ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इससे परीक्षा के दौरान समन्वित व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आवश्यकता पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story