ब्यावर। रेलवे परिसरों और ट्रेनों में सफर को सुरक्षित तथा सुगम बनाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक बड़ा जन जागरूकता अभियान छेड़ दिया है। रेलवे सुरक्षा बल अजमेर मंडल के सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आजाद के कड़े निर्देशों पर मंगलवार को ब्यावर रेलवे स्टेशन पर एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व रेलवे सुरक्षा बल थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने किया, जिसके तहत टीम ने स्टेशन के कोने-कोने में पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षा और नियमों के प्रति मुस्तैद किया।

अभियान के दौरान आरपीएफ की टीम ने ब्यावर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक व दो, यात्री प्रतीक्षालय, बुकिंग घर, पार्सल घर सहित स्टेशन पर खड़ी और वहां से गुजरने वाली रेलगाड़ियों में सघन दौरा किया। बल के जवानों ने रेल यात्रियों से सीधे संवाद स्थापित कर सफर के दौरान प्रतिबंधित ज्वलनशील पदार्थों का परिवहन न करने और ट्रेनों व परिसर में धूम्रपान से पूर्णतः दूर रहने की सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही, यात्रियों को बेवजह बोगी की जंजीर (अलार्म चेन) नहीं खींचने, अपनी जान जोखिम में डालकर रेल पथ (पटरी) नहीं लांघने तथा यात्रा के दौरान अपने निजी सामान की स्वयं देखभाल करने के प्रति जागरूक किया गया।

सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण इस अभियान में अधिकारियों ने यात्रियों से विशेष अपील की कि यदि उन्हें परिसर में कोई भी लावारिस वस्तु दिखाई दे या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) या रेलवे प्रशासन को दें। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने दोक तुक शब्दों में चेताया कि इन नियमों की अवहेलना करने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसा करने वालों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस विशेष जागरूकता अभियान के दौरान मौके पर उप निरीक्षक नरेश कुमार तंवर, प्रधान महिला आरक्षक विमला देवी, महिला आरक्षक गायत्री देवी व आरक्षक महावीर प्रसाद सहित पूरा दल मुस्तैद रहा, जिसने यात्रियों को सुरक्षा का अहसास कराते हुए इस मुहिम को प्रभावी बनाया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story