रूपवास (भरतपुर)। रूपवास में आयोजित बगलामुखी राष्ट्र रक्षा महायज्ञ के दूसरे दिन वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच मां पीतांबरा की विशेष आराधना की गई। महायज्ञ के प्रधान आचार्य ज्योतिषाचार्य पं. राजकुमार शर्मा के सान्निध्य में प्राकृतिक विधि से यज्ञाग्नि की स्थापना हुई। इसके बाद मां बगलामुखी की विधिवत पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की रक्षा, समाज की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई। इसी दौरान मिट्टी से निर्मित पार्थिव शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद भगवान शिव का रुद्राभिषेक भी संपन्न हुआ।

शंखनाद, घंटियों की ध्वनि और मां भगवती के जयकारों के बीच हुए धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अग्नि स्थापना के बाद आचार्य राजकुमार शर्मा ने वैदिक मंत्रों के साथ मां बगलामुखी की विशेष पूजा कराई। श्रद्धालुओं ने मां पीतांबरा से देश की शांति, सुरक्षा और समृद्धि की प्रार्थना की। साथ ही सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण की कामना की गई।

देवी आराधना के बाद आचार्य शर्मा ने मिट्टी से निर्मित पार्थिव शिव परिवार की विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा कराई। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। अनुष्ठान के दौरान विश्व कल्याण और समस्त प्राणियों के मंगल की कामना की गई। दूसरे दिन के धार्मिक कार्यक्रमों का समापन मुख्य आरती के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर भगवान शिव और मां भगवती का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर आचार्य राजकुमार शर्मा ने यज्ञ और शिव आराधना की परंपरा का महत्व बताते हुए लोगों से धर्म, संस्कार और सेवा को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। महायज्ञ के साथ 115 बेटियों के नि:शुल्क सामूहिक विवाह का आयोजन भी इसी सेवा संकल्प का हिस्सा है। जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में सहयोग देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सहयोग, संस्कार और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जा रहा है।

रूपवास में महायज्ञ के साथ 115 बेटियों के नि:शुल्क सामूहिक विवाह का आयोजन चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ही आयोजन के तहत इतने बड़े स्तर पर विवाह कराने के संकल्प को लेकर स्थानीय स्तर पर भी तैयारियां चल रही हैं। आयोजन समिति ने महायज्ञ के वैदिक अनुष्ठानों को क्रमबद्ध तरीके से संपन्न कराने के साथ विवाह समारोह में शामिल होने वाले परिवारों और अतिथियों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी है। दोनों आयोजनों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

नि:शुल्क सामूहिक विवाह समारोह में राजस्थान के राज्यपाल के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आयोजकों के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के राज्यपाल के अधिकारियों से कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त हुई है। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर भी राज्यपाल के दौरे की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को स्थानीय प्रशासन के स्तर पर संबंधित थाना क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने आयोजन स्थल का अवलोकन भी किया। रूपवास शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर इस प्रकार का आयोजन हो रहा है।

महायज्ञ और सामूहिक विवाह के आयोजन के दौरान आध्यात्मिक संवाद एवं ज्योतिष चर्चा भी हुई। इसमें जगत गुरु देव आचार्य राजकुमार शर्मा ने गुरु की महत्ता पर विचार रखते हुए कहा कि संसार में जो भी घटित हो रहा है, उसका मार्गदर्शन करने के लिए गुरु कृपा आवश्यक है। गुरु कृपा के बिना संपूर्ण संसार में कुछ भी संभव नहीं हो सकता। गुरु ही हमारा सच्चा मार्गदर्शक है।

आचार्य शर्मा ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समरसता और समानता के साथ अपने भीतर सेवा का भाव जागृत करना चाहिए। सेवा के माध्यम से मानव जीवन को समाज के प्रति अधिक जवाबदेह बनाया जा सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आपसी भेदभाव भुलाकर धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया, ताकि संसार का कल्याण हो सके।

उन्होंने राष्ट्र जागरण को प्रेरणादायी महाअभियान बताते हुए इसे अनुकरणीय बनाने की बात कही। मां पीतांबरा की विशेष आराधना, पार्थिव शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा, रुद्राभिषेक और 115 बेटियों के नि:शुल्क सामूहिक विवाह का संकल्प इस आयोजन के प्रमुख पक्ष बने हुए हैं।

Next Story