श्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय रेल सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री द्वारा शेखावाटी क्षेत्र में रेल संपर्कों को मजबूत बनाने के लिए विशेष पहल की गई है। राजस्थान में रेल संपर्कों की कड़ी को सुदृढ़ करने के लिए राज्य के विभिन्न भागों में विशेष पहल की जा रही है।

महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृति और कनेक्टिविटी

इसी कड़ी में राजस्थान के महत्वपूर्ण क्षेत्र शेखावाटी में रेल सम्पर्क को बेहतर और सुदृढ़ करने के लिए रींगस-सीकर, 50 किलोमीटर रेलखंड के दोहरीकरण कार्य के लिए 470.34 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस दोहरीकरण से रींगस, सीकर और आसपास के क्षेत्रों में तीव्र नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही क्षेत्र का जयपुर और दिल्ली के मध्य बेहतर रेल सम्पर्क स्थापित होगा।

शेखावाटी: शिक्षा, सेना और पर्यटन का संगम

शेखावाटी क्षेत्र पर्यटन, सेना एवं शिक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान माना जाता है। इस क्षेत्र की विशिष्टताएँ निम्नलिखित हैं:

  • पिलानी एवं लक्ष्मणगढ़ की गिनती भारत के प्रसिद्ध शिक्षा क्षेत्रों के रुप में की जाती है।
  • बग्गड़, बिसाऊ, चिराना, डूंडलोद, चिड़ावा, फतेहपुर, काजड़ा, महेनसर, नवलगढ़ अपनी सोने-चाँदी की भित्ती चित्रों वाली हवेलियों के लिए प्रसिद्ध हैं।
  • खाटूश्यामजी, सालासर, जीणमाता, शाकम्भरी माता के धार्मिक स्थल पूरे भारत में विशेष पहचान रखते हैं, जहाँ वर्ष भर श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहता है।
  • इसके अतिरिक्त शेखावाटी के बहुत से नौजवान भारतीय सेना में भी कार्यरत हैं।

दोहरीकरण के लाभ और प्रभाव

रींगस से सीकर रेलखंड के दोहरीकरण से होने वाले मुख्य लाभ:

  • धार्मिक पर्यटक को बढ़ावा मिलेगा।
  • शिक्षा के लिए आवागमन करने वाले विद्यार्थियों को तीव्र और सुगम रेल परिवहन की सुविधा उपलब्ध होगी।
  • सेना में कार्यरत् जवानों को अपने निवास स्थान तक आवागमन के लिए बेहतर रेल सुविधा प्राप्त होगी।
  • इस मार्ग के दोहरीकरण से लाइन क्षमता में बढ़ोतरी होगी तथा अधिक ट्रेनों का संचालन किया जा सकेगा साथ ही ट्रेनों की गति में भी वृद्धि होगी।
  • विशेष रूप से खाटूश्याम जी आने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा तथा उनकी यात्रा सुगम होगी।

विकास के अन्य महत्वपूर्ण कार्य

उल्लेखनीय है कि रींगस-खाटूश्याम जी 18 किलोमीटर नई लाइन का कार्य 254 करोड़ रूपए की लागत के साथ किया जा रहा है तथा सीकर और रींगस स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य भी प्रगति पर है।

इन कार्यों के निष्पादन से शेखावाटी क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा एवं रोज़गार के नए अवसरों का सृजन होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story