जयपुर, 24 दिसंबर: उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के रेवाड़ी, खैरथल और दौसा स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य “अमृत स्टेशन योजना” के तहत पूर्ण हो गया है। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक और यात्रियों के अनुकूल बनाना है, जिससे यात्री सुविधाओं में वृद्धि और बेहतर आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा कुल 77 स्टेशनों का पुनर्विकास लगभग 4000 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।

रेवाड़ी, खैरथल और दौसा स्टेशनों में इस योजना के तहत लगभग 60 करोड़ रुपये से पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में है। जयपुर, रेवाड़ी, खैरथल एवं दौसा क्षेत्र के मीडिया प्रतिनिधियों को कार्य प्रगति की जानकारी देते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शशि किरण ने बताया कि पुराने स्टेशन भवनों में पर्याप्त स्थान की कमी के कारण यात्री सुविधाओं का विकास कठिन हो रहा था। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन स्टेशनों के भवनों का नवीनीकरण कर उन्हें आधुनिक बनाया गया है।

रेवाड़ी रेलवे स्टेशन

रेवाड़ी स्टेशन, उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल का एक प्रमुख स्टेशन है, जो दिल्ली और जयपुर सहित उत्तर भारत के विभिन्न शहरों को जोड़ता है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 31.91 करोड़ रुपये की लागत से रेवाड़ी स्टेशन का पुनर्विकास किया गया। भवन का सुविधा क्षेत्र 430 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 1600 वर्ग मीटर किया गया, अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए, और भारतीय कला और संस्कृति को दर्शाते चित्र स्थापित किए गए। स्टेशन में पोर्च, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग क्षेत्र में यातायात सुधार, हरित पट्टी, समर्पित पार्किंग, प्रतीक्षा कक्ष, वीआईपी रूम, शौचालय और प्लेटफॉर्म शेल्टरों का नवीनीकरण किया गया। इसके अतिरिक्त, GPS आधारित घड़ियां, 5 लिफ्ट, 4 एस्केलेटर, फूड प्लाजा, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज और सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जल संरक्षण और ऊर्जा संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वाटर रिसाइक्लिंग प्लांट और रूफटॉप सोलर प्लांट का प्रावधान भी किया गया है।

खैरथल रेलवे स्टेशन

खैरथल स्टेशन, जयपुर मंडल में स्थित, स्थानीय कला और आधुनिक डिजाइन का मिश्रण प्रस्तुत करता है। यह अलवर जिले का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है। खैरथल स्टेशन का पुनर्विकास लगभग 12.79 करोड़ रुपये की लागत से किया गया। स्टेशन भवन का सुविधा क्षेत्र 1200 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 3600 वर्ग मीटर किया गया, पोर्च का निर्माण किया गया और अलग प्रवेश एवं निकास द्वार बनाए गए। दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग उपलब्ध कराई गई। 12 मीटर चौड़ा ऊपरी पैदल पुल (एफओबी) निर्माण के साथ प्लेटफॉर्म शेल्टरों और प्रतीक्षा कक्ष का नवीनीकरण किया गया। स्टेशन भवन के अंदर 300 वर्ग मीटर में कलात्मक चित्र बनाकर भारतीय कला को दर्शाया गया। दिव्यांग यात्रियों के लिए हेल्प बूथ, शौचालय, रेम्प, वाटर बूथ और टिकट विंडो जैसी सुविधाएं प्रदान की गई हैं।

दौसा रेलवे स्टेशन

दौसा स्टेशन, राजस्थान के दौसा जिले में स्थित, दिल्ली-अहमदाबाद रेल मार्ग पर महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और परिवहन केंद्र है। इस स्टेशन का पुनर्विकास 15.17 करोड़ रुपये की लागत से किया गया। स्टेशन भवन का सर्कुलेटिंग क्षेत्र विकसित किया गया, पोर्च का निर्माण किया गया और अलग प्रवेश-निकास द्वार बनाए गए। वेटिंग हॉल और भवन के अंदर भारतीय कला, विरासत और संस्कृति को दर्शाते चित्र स्थापित किए गए। 4.10 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा एफओबी, नए प्रतीक्षा कक्ष, शौचालयों का नवीनीकरण, 2 लिफ्ट और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष प्रावधान किए गए। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और महिला तथा बच्चों के लिए सुरक्षा उपाय लागू किए गए। जल और ऊर्जा संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वाटर रिसाइक्लिंग प्लांट और सोलर पावर से संबंधित कार्य भी किए गए हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में कुल 18 स्टेशनों का 1325 करोड़ रुपये से पुनर्विकास कार्य किया जा रहा है, जिसमें जयपुर, गांधीनगर जयपुर, सांगानेर, रेवाड़ी, फुलेरा, अलवर, बांदीकुई, सीकर, दौसा, रींगस, राजगढ़, आसलपुर जोबनेर, खैरथल, नीम का थाना, नारनौल, फतेहपुर शेखावाटी, झुंझुनू और नरेना स्टेशन शामिल हैं। प्रधानमंत्री द्वारा 22 मई 2025 को राजगढ़ और फतेहपुर शेखावाटी स्टेशनों का उद्घाटन कर जनता के लिए उपलब्ध कराया जा चुका है।

इस अवसर पर मुख्य परियोजना प्रबंधक जयपुर श्री पीयूष जोशी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक जयपुर श्री कमल शर्मा, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री कमल जोशी सहित अन्य मंडल अधिकारी उपस्थित रहे। अमृत स्टेशन योजना न केवल यात्रियों के लिए आधुनिक और सुविधाजनक स्टेशनों की सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि पर्यटन, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा देगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story