उत्तर पश्चिम रेलवे ने जोधपुर मंडल के गुढा स्टेशन पर आरडीएसओ डेडिकेटेड टेस्ट ट्रैक को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए आवश्यक सिग्नलिंग कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। इस कार्य के तहत स्टेशन पर स्थापित इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) प्रणाली में आवश्यक तकनीकी संशोधन किए गए।

कार्य पूर्ण होने के बाद आज सायं पहली ट्रेन को सिग्नल देकर सफलतापूर्वक संचालित किया गया। यह उपलब्धि रेलवे की तकनीकी दक्षता तथा संरक्षित रेल संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस कार्य के अंतर्गत गुढा स्टेशन के छोर पर स्लॉट कंट्रोल (Slot Control) प्रणाली स्थापित की गई है, जिससे आरडीएसओ के डेडिकेटेड टेस्ट ट्रैक को गुढा स्टेशन के यार्ड के माध्यम से मुख्य रेल नेटवर्क के साथ संरक्षित रूप से जोड़ा जा सके। इसके साथ ही स्टेशन के सभी 18 प्वाइंट्स के लिए प्वाइंट इंडिकेशन सर्किट (NDKR1/RDKR1) में नवीनतम रेलवे संरक्षा नीति के अनुरूप आवश्यक संशोधन किए गए हैं। इन तकनीकी परिवर्तनों से प्वाइंट संचालन की विश्वसनीयता और सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

यह कार्य डेडिकेटेड टेस्ट ट्रैक पर विकसित नई रेल प्रौद्योगिकियों, ट्रैक, कोच तथा अन्य रेलवे प्रणालियों के परीक्षण को अधिक प्रभावी और संरक्षित बनाने में सहायक होगा। साथ ही यह रेलवे की आधुनिक, संरक्षित एवं तकनीकी आधारित रेल अवसंरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता को भी और अधिक सुदृढ़ करता है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story