जयपुर। राजस्थान दिवस समारोह 2026 के अंतर्गत कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग एवं रवींद्र मंच जयपुर के सहयोग से रस रंग मंच संस्था के कलाकारों द्वारा रवींद्र मंच पर 18 मार्च को शाम 7 बजे हास्य नाटक "पर्दा उठने से पहले" का मंचन किया गया। नाटक का लेखन राजेंद्र कुमार शर्मा द्वारा किया गया एवं इसका नाट्य रूपांतरण व निर्देशन हिमांशु झांकल ने किया। इस हास्य नाटक में 12 से अधिक नवांगतुक कलाकारों ने भाग लिया।

मंचन की चुनौतियां और हास्य का ताना-बाना

रंगमंच की दुनिया जितनी आसान और चकाचौंध भरी नजर आती है, उतनी ही जिम्मेदारियां और बाधाओं से भरी हुई है। नाटक में अनिल एक प्रसिद्ध नाट्य निर्देशक है, जिसकी पत्नी शीला नाटकों के प्रति उसकी दीवानगी को बिल्कुल भी पसंद नहीं करती है। इसी दौरान उसकी नाट्य प्रस्तुति के तीन दिन पहले ही नाटक की नायिका वीना रिहर्सल से गायब हो जाती है। नाटक में एक नाट्य निर्देशक के नाटक तैयार करवाने में आई बाधाओं को हास्य रस में पिरो कर रोचक अंदाज से दर्शाया गया है।

रिहर्सल के दौरान नाटक के अन्य कलाकार सलाह देते हैं कि क्यों ना वह अपनी पत्नी शीला को ही अपने नाटक की नायिका बना ले। "मरता क्या ना करता" के भाव के साथ अनिल जैसे-तैसे शीला की तारीफों के पुल बांधकर उसे नाटक की नायिका बनने के लिए तैयार करता है। शीला को नाटक की तैयारी कराने के दौरान हास्य की स्थितियां उत्पन्न होती हैं, जिसमें उसके पड़ोसी व अन्य पात्र रिहर्सल में निरंतर बाधा उत्पन्न करते हैं।

कथानक का समापन और दर्शकों की प्रतिक्रिया

कहानी के अंत में नाटक की असली नायिका वीना वापस लौटती है, लेकिन अनिल द्वारा वीना की तारीफों से नाराज होकर शीला, वीना को अपने घर से निकाल देती है। अनिल को नाटक के अधूरा होने का डर फिर से सताता है, लेकिन अंत में नाटक एक सकारात्मक मोड़ लेता है। ठहाकों से भरी इस नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया और ज्ञात रहे कि संस्था के इस प्रसिद्ध नाटक की यह आठवीं प्रस्तुति थी।

मंच के पीछे और मुख्य कलाकार

इस प्रस्तुति में कलाकारों की भूमिकाएं इस प्रकार रहीं:

अनिल के रूप में विनोद कुमार परिडवाल, शीला के रूप में सीमा किराड़, वीना के रूप में वर्षा भाटी, धनीराम के रूप में सुमित बैरवा, मक्खन लाल के रूप में नरेंद्र जानी, सुब्रमण्यम स्वामी के रूप में आकाश बैरवा, गारा सिंह के रूप में देवांग सैनी, मुन्नू के रूप में राघव माहेश्वरी, मुन्नी व मॉडल के रूप में ऋतु भाटी, शराबी के रूप में हसन अली और सब्जी वाली का किरदार विना मोदवानी ने निभाया। इसके अतिरिक्त व्यक्ति एक की भूमिका प्रांजल व पड़ोसन का किरदार पूजा यादव ने निभाया।

तकनीकी पक्ष में वस्त्र सज्जा रति महर्षि की रही, जबकि प्रकाश संचालन अशोक बेनिवाल व विजेंद्र निर्वान ने संभाला। पार्श्व संगीत हिमांशु और हितेंद्र का था एवं मंच सज्जा में राज केतन, हितेंद्र लक्ष्य व प्रांजल ने महत्वपूर्ण कार्य किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story