कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने झोटवाड़ा में 175 करोड़ की पेयजल टंकियों का किया लोकार्पण
उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ और जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने 3.5 लाख लोगों को जल संकट से मुक्ति दिलाने के लिए आधुनिक उच्च जलाशयों को जनता को समर्पित किया।

जयपुर। झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के मुकुंदपुरा रोड़, बिंदायका के वार्ड 49 में 175 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक पेयजल टंकियों का लोकार्पण 6 मार्च शुक्रवार को उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ एवं जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में 175 करोड़ की लागत से निर्मित यह पानी की परियोजना पूरी हुई है, जिससे क्षेत्रवासियों की जल समस्या दूर होगी और 75 हजार परिवार के 3.5 लाख लोग लाभान्वित होंगे।
लोकार्पण समारोह और आधुनिक तकनीक का उपयोग
लोकार्पण समारोह में कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ और कन्हैया लाल चौधरी ने इन पेयजल टंकियों को औपचारिक रूप से आम जनता को समर्पित किया। आधुनिक तकनीक से इन टंकियों का निर्माण रिकॉर्ड समय में किया गया है जो क्षेत्र में पेयजल की समस्या का समाधान करने में सहायक सिद्ध होंगी। इस गरिमामयी समारोह में क्षेत्र के पार्षद, भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पीएचईडी के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कन्हैया लाल चौधरी का आभार व्यक्त किया।
'जो कहा वो किया': भाजपा सरकार का संकल्प
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि "भाजपा का संकल्प है कि 'जो कहा वो किया', इसी का परिणाम है कि मात्र 25 महीनों में ये निर्माण पूरा हुआ और आज जनता को समर्पित किया जा रहा है।" उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदृष्टि की सराहना करते हुए कहा कि "प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी 'हर घर जल' की इतनी दूरदृष्टि वाली योजना लेकर आए थे उससे आज घर-घर पेयजल पहुंच रहा है। अब महिलाओं को कई-कई किलोमीटर से सिर पर घड़े रखकर पानी नहीं लाना पड़ता। यही जल जीवन मिशन का संकल्प है जो मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी के मार्गदर्शन में साकार हो रहा है।"
कार्यकर्ताओं की भूमिका और विकास के बढ़ते कदम
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने पानी की समस्या को सरकार तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि कार्यकर्ता ही सरकार और जनता के बीच की एक अहम कड़ी होते हैं। उन्होंने आगे विस्तार से बताते हुए कहा कि "सरकार बनते ही हमने नौ टंकियों का उद्घाटन कर दिया था। आज उच्च जलाशयों का उद्घाटन हुआ है। मात्र तीन सालों में तीस उच्च जलाशयों का काम शुरू कर इन जलाशयों से सत्तर हजार परिवारों के साढे़ तीन लाख लोगों तक पेयजल पहुंचेगा।" झोटवाड़ा क्षेत्र में सड़कों, ड्रेनेज और सीवरेज सुधार के साथ व्यापक विकास की दिशा में सरकार जरूरी कदम उठा रही है। पूरे झोटवाड़ा विस क्षेत्र में सड़क निर्माण, ड्रैनेज सिस्टम का काम और सीवरेज लाइनों का काम चल रहा है तथा हर दिशा में तेजी से काम हो रहा है।

