रणथंभौर पर्यटकों के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 07462-251251 जारी
सवाई माधोपुर पुलिस की इस पहल से रणथंभौर आने वाले सैलानियों को सुरक्षा, सफारी नियम और फर्जी बुकिंग वेबसाइटों से बचाव में मदद मिलेगी।

जयपुर 22 सितंबर। विश्व प्रसिद्ध रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान और सवाई माधोपुर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर पर्यटन अनुभव को लेकर सवाई माधोपुर पुलिस ने नई पहल की है। पुलिस की ओर से 1 अक्टूबर 2026 से टूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर 07462-251251 शुरू किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी की पहल पर यह हेल्पलाइन पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कमरा नंबर 18 में स्थापित की गई है।
हेल्पलाइन पर 24 घंटे अधिकारी एवं कर्मचारी पर्यटकों की सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसका उद्देश्य पर्यटकों को एक ही संपर्क माध्यम से रणथंभौर एवं सवाई माधोपुर से जुड़ी आवश्यक पर्यटन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को संबंधित विभाग एवं अधिकारियों तक पहुंचाकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।
हेल्पलाइन के माध्यम से पर्यटकों को रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान, पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों तथा आसपास के प्रमुख दर्शनीय स्थानों की जानकारी दी जाएगी। रणथंभौर सफारी से संबंधित सामान्य जानकारी, निर्धारित नियमों, समय एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों के संबंध में भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
पर्यटकों को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, पर्यटन स्थलों और अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंचने के लिए आवश्यक मार्ग एवं स्थानीय परिवहन संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा क्षेत्र में उपलब्ध होटल, रेस्टोरेंट, पार्किंग, भोजन, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक पर्यटन सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी।
पर्यटकों से प्राप्त सुझाव और फीडबैक दर्ज कर पर्यटन व्यवस्था में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाए जाएंगे। हेल्पलाइन पर प्राप्त किसी समस्या, शिकायत या सहायता के अनुरोध पर 15 मिनट के भीतर प्रारंभिक प्रतिक्रिया अथवा सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। गंभीर अथवा ऐसी शिकायतें, जिनका समाधान संबंधित विभाग के स्तर पर आवश्यक है, उन्हें तत्काल संबंधित अधिकारी या विभाग तक पहुंचाकर आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
सवाई माधोपुर पुलिस ने पर्यटकों से रणथंभौर नेशनल पार्क में सफारी की ऑनलाइन बुकिंग के लिए वन विभाग की अधिकृत वेबसाइट https://booking.forestrajasthan.com के माध्यम से ही टिकट बुक कराने की अपील की है। ऑफलाइन सफारी टिकट के लिए रोडवेज डिपो के पास स्थित वन विभाग के सरकारी कार्यालय की बुकिंग विंडो का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है।
जिला पुलिस के अनुसार गूगल पर सफारी बुकिंग के नाम पर कई मोबाइल नंबर और फर्जी वेबसाइटें प्रचारित की जा रही हैं। पर्यटकों को ऐसे फर्जी नंबरों अथवा वेबसाइटों के झांसे में आने से बचने की सलाह दी गई है।
पर्यटकों के लिए टूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर 07462-251251 और व्हाट्सऐप नंबर 9530437072 जारी किया गया है। एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी ने बताया कि हेल्पलाइन का उद्देश्य रणथंभौर आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर पर्यटन अनुभव उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाली यह व्यवस्था पर्यटकों की सुरक्षा, सहायता और शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया के लिए पुलिस के एकीकृत संपर्क माध्यम के रूप में काम करेगी।

