रामनगर अंबिका स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन, विजेता सम्मानित
एसडीएम आकांक्षा गुप्ता और केपी तिवारी ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया; खेलों को सर्वांगीण विकास का माध्यम बताया।

मंच पर अतिथि अंबिका स्कूल रामनगर की विजेता छात्राओं को खेलकूद प्रतियोगिता की ट्रॉफी देते हुए दिख रहे हैं।
रामनगर के रानी बाजार स्थित अंबिका स्कूल ऑफ एजुकेशन में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दौड़, शॉट पुट, ब्रॉड जंप और रिले रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं वरिष्ठ पत्रकार केपी तिवारी ने मार्च पास्ट की सलामी लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर केपी तिवारी ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खेल गतिविधियों को बच्चों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
प्रतियोगिताओं के समापन पर विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता रहे खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर सुशील सिंह, सोमिया सिंह, प्रधानाचार्या उषा सिंह, सभासद आशुतोष शुक्ला, दिनेश शुक्ला और सुशील मिश्रा सहित शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे।

