राज्य स्तरीय ओडीओपी और ‘जयपुर रत्नम्’ प्रदर्शनी का जयपुर में भव्य शुभारंभ
जयपुर इंटरनेशनल सेंटर में 120 स्टॉल पर सभी जिलों के ओडीओपी उत्पाद प्रदर्शित, आम लोग 19 मार्च तक देख और खरीद सकते हैं

जयपुर, 15 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राजस्थान दिवस (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के अवसर पर प्रदेश में 14 से 19 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा राज्य स्तर और सभी जिलों में ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
जयपुर संभागीय आयुक्त श्रीमती पूनम, जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी और उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त श्री सुरेश ओला ने रविवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में राज्य स्तरीय ओडीओपी और ‘जयपुर रत्नम्’ प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया। राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में सभी जिलों के ओडीओपी उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं, जिन्हें आमजन 19 मार्च तक सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक देख सकते हैं और खरीद भी सकते हैं।
राज्य स्तरीय और ‘जयपुर रत्नम्’ प्रदर्शनी में ओडीओपी उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए कुल 120 स्टॉल लगाए गए हैं। जयपुर जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र और राजस्थान लघु उद्योग निगम (राजसिको) द्वारा आयोजित जेम्स एवं ज्वेलरी प्रदर्शनी-2606 ‘जयपुर रत्नम्’ में जिले के ओडीओपी उत्पादों को प्रदर्शित करने हेतु 80 स्टॉल लगाए गए हैं।
राजस्थान दिवस समारोह के तहत प्रदेश के सभी जिलों में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने हेतु ओडीओपी प्रदर्शनी आयोजित की गई है। प्रदर्शनी में जिले के कारीगर अपने उत्पादों की जानकारी आमजन को दे रहे हैं और उनकी बिक्री भी कर रहे हैं। यह पहल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और उद्योग को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
