राजनाथ सिंह का पाकिस्तान को संदेश: भारत के खिलाफ न उठाएं नजर, होगा कड़ा प्रहार
रक्षा मंत्री ने नागौर में राव दूदाजी की प्रतिमा का अनावरण किया और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस तथा ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए पाकिस्तान को चेतावनी दी।

नागौर के मेड़ता में राव दूदाजी की प्रतिमा अनावरण समारोह के दौरान मंच पर संबोधित करते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा।
केंद्रीय रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यदि उसने भारत की ओर नजर उठाने की कोशिश की तो “जो अब तक नहीं हुआ, वह होकर रहेगा।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश की सुरक्षा नीति में ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं और भारत ने दुनिया को स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ उसकी नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री गुरुवार को नागौर जिले के मेड़ता में आयोजित श्री राव दूदाजी की अश्वारोही प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राजस्थान की धरती को त्याग, राष्ट्रभक्ति और शौर्य की भूमि बताते हुए कहा कि यहां घर-घर से जवान देश की रक्षा के लिए सेना में जाते हैं। उन्होंने कहा कि वीर शिरोमणि राव दूदा का जीवन नई पीढ़ी के लिए आदर्श है। उनका संपूर्ण जीवन शौर्य, पराक्रम, संकल्प, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का जीवंत उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि धर्म और न्याय की रक्षा के लिए राव दूदाजी सदैव तत्पर रहे और उनके पराक्रम की गूंज आज भी राष्ट्रभक्ति का जोश भरती है। अश्व पर सवार उनकी प्रतिमा राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने का संदेश देती है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और हालिया ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से सिद्ध किया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पूरा देश आक्रोशित था और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए दुश्मनों के होश उड़ा दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन यदि कोई भारत को छेड़ेगा तो उसे छोड़ा भी नहीं जाएगा। “अगर हमारे नागरिकों पर हमला हुआ तो हम घर में घुसकर मारेंगे, कोई सरहद हमें रोक नहीं सकती,” उन्होंने कहा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘विकास भी और विरासत भी’ की अवधारणा पर कार्य कर रहे हैं। देश के जननायकों और महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान भारतीय सभ्यता की आत्मा है और इसी भावना के अनुरूप केंद्र सरकार ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से लेकर महिला सुरक्षा तक अनेक योजनाएं और सख्त कानून लागू किए हैं। उन्होंने नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया गया, लेकिन विपक्ष ने इसे पारित नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक सामूहिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है और सरकार इसे लागू कराने के लिए कृत-संकल्पित है।
मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारतीय सेनाओं का अभूतपूर्व आधुनिकीकरण हुआ है, जिससे आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को रक्षा क्षेत्र में नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान को करारा सबक सिखाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर शिरोमणि राव दूदाजी ने प्रदेश और समाज को दिशा देने का कार्य किया तथा राजस्थान के वीरों ने सदैव मातृभूमि और अस्मिता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिए हैं।
उन्होंने कहा कि राव दूदाजी ने वीरता और स्वाभिमान की ऐसी परंपरा स्थापित की, जिसने राजस्थान को विश्वभर में गौरवान्वित किया। उन्होंने मीरा बाई का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी वंश में कृष्णभक्त मीरा बाई जैसी महान विभूति हुईं, जिनकी वाणी सदियों बाद भी भक्ति और मानवता का संदेश दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की गौरवशाली परंपरा और महापुरुषों की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विभिन्न पेनोरमा का निर्माण करवा रही है। उन्होंने बताया कि श्री महावीर जी पेनोरमा करौली, श्री विद्यासागर जी महाराजा पेनोरमा अजमेर, भक्त शिरोमणि करमा बाई पेनोरमा डीडवाना, श्री जसनाथजी पेनोरमा बीकानेर, श्री खेमा बाबा पेनोरमा बालोतरा, श्री भामाशाह पेनोरमा चित्तौड़गढ़ और श्री राव चंद्रसेन पेनोरमा जोधपुर में निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा बांदीकुई में संत श्री दुर्बलनाथ जी, सिवाना में वीर दुर्गादास, सलूंबर में हाड़ी रानी और अजमेर में महर्षि दयानंद सरस्वती पेनोरमा का निर्माण कराया जाएगा। खरनाल-नागौर में वीर तेजाजी पेनोरमा के विकास कार्य भी कराए जाएंगे।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार कृषि, बिजली और पानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर विकास कार्य कर रही है। उन्होंने रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, गंगनहर सुदृढ़ीकरण तथा माही, देवास और सोम-कमला-अम्बा परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य सरकार युवाओं के लिए नई युवा नीति लाई है तथा स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से 23 से 25 मई 2026 तक जयपुर में आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और ग्राम विकास रथों के माध्यम से गांव-गांव में इसकी जानकारी पहुंचाई जा रही है।
केंद्रीय कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री Gajendra Singh Shekhawat ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने आतंक के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर देश के प्रत्येक नागरिक का मस्तक गर्व से ऊंचा कर दिया। उन्होंने कहा कि लोकनायकों की प्रतिमाओं का लोकार्पण इतिहास से संवाद करने, चेतना को पुनर्जीवित करने और महान विभूतियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि राव दूदाजी का जीवन वीरता, सहिष्णुता, महिला सम्मान और सर्वजातीय कल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि मीरा बाई की 525वीं जयंती पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समारोह के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री ने मीरा बाई पेनोरमा का अवलोकन किया तथा श्री चारभुजा नाथ और मीराबाई मंदिर में दर्शन कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार, पंजाब के पूर्व राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर, किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत, विधायक लक्ष्मण राम, पूर्व राज्यसभा सांसद गज सिंह, मूर्ति अनावरण आयोजन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
