राजेन्द्र राठौड़ ने डोटासरा के बयान को बताया गैर-जिम्मेदार, बोले- प्रदेश में नहीं है कोई कमी
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस अध्यक्ष के आरोपों को हास्यास्पद करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं ईंधन आपूर्ति और मॉनिटरिंग पर नजर रख रहे हैं।

जयपुर, 12 मार्च। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ नेता श्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को करारा जवाब दिया है। श्री राठौड़ ने कहा कि "प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का बयान हास्यास्पद एवं गैर-जिम्मेदार है। देश के संविधान ने हमें बोलने की आजादी दी है लेकिन हमारे कुछ नैतिक कर्तव्य भी होते हैं।" उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं और राजस्थान में अभी पेट्रोल-डीजल या गैस की कोई कमी एवं कालाबाजारी नहीं है।
वैश्विक संकट के बीच प्रदेश में स्थिति नियंत्रण में
राठौड़ ने वर्तमान परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "जिस प्रकार का वातावरण आज पूरे विश्व में बना हुआ है, उसमें निश्चित तौर पर पूरे विश्व के अंदर तथा देश में भी पेट्रोल, गैस एवं नेचुरल गैस की कमी आ रही है। लेकिन फिर भी राजस्थान में कोई भी कमी एवं कालाबाजारी नहीं हो रही है।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार स्थिति को लेकर पूरी तरह सजग है।
मुख्यमंत्री द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग और विपक्ष की भूमिका
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने जानकारी दी कि "मुख्यमंत्री स्वयं बैठकें कर रहे हैं तथा लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ऐसे समय में उनके द्वारा बयान देकर पैनिक वातावरण तैयार करना सभ्य और जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य नहीं है।" उन्होंने आगे कहा कि "लोकसभा अध्यक्ष एवं कोटा एयरपोर्ट को लेकर उनके दिए गए बयान हास्य का कारण बन रहे हैं।"
सहयोग की अपील और कालाबाजारी पर चिंता
विपक्ष को आईना दिखाते हुए श्री राठौड़ ने कहा कि "जिस प्रकार कोरोना महामारी के समय हमने आगे बढ़कर कहा था कि हम सरकार के साथ हैं, उसी तरह आज के माहौल में उनको भी आगे आना चाहिए तथा सरकार का साथ देना चाहिए।" उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि "अभी ऐसी कोई कमी और कालाबाजारी नहीं है लेकिन उनके द्वारा दिए गए बयान से कालाबाजारी बढ़ रही है।"

